श्रीडूंगरगढ़।पुनीत सोनी
श्रीडूंगरगढ़ के प्रसिद्ध वीर तेजाजी मंदिर में तेजा दशमी के अवसर पर दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महर्षि दयानंद छात्रावास एवं वीर तेजा मेमोरियल ट्रस्ट, श्रीडूंगरगढ़ की ओर से होने वाले आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम में श्रीडूंगरगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों और दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

20 सितंबर को अखंड ज्योत और जागरण
ट्रस्ट के अनुसार 20 सितंबर 2026 को शाम 7 बजे अखंड ज्योत प्रज्वलित की जाएगी। इसके बाद रात 9 बजे से वीर तेजाजी महाराज के सम्मान में भव्य जागरण होगा।जागरण में अनिल नागौरी एंड पार्टी, नागौर; पूजा जांगिड़ एंड पार्टी, जयपुर; दिनेश माली एंड पार्टी, नागौर तथा नवल गुरु एंड पार्टी, बीकानेर की ओर से भजनों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसके साथ ही बाबूनाथ राणा, अंजली एंड बाया तथा मुकेश राजस्थानी नृत्य प्रस्तुतियां देंगे।
21 सितंबर को पूजा, हवन और महाप्रसादी
धार्मिक कार्यक्रमों के दूसरे दिन 21 सितंबर को सुबह 8 बजे वीर तेजाजी महाराज की पूजा-अर्चना और हवन किया जाएगा। इसके बाद सुबह 10 बजे महाप्रसादी का आयोजन होगा। ट्रस्ट की ओर से श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
ट्रस्ट पदाधिकारियों ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
आयोजन की तैयारियों को लेकर ट्रस्ट अध्यक्ष मंगलाराम गोदारा सहित कमेटी सदस्य गोपाल सायच, शिक्षाविद् प्रभुराम बाना, सीताराम सीवर, चांद राम चाहर, तुलछी राम गोदारा, मोहन सारण, भंवरलाल बाना, हजारी मल जांगू, भंवरलाल गोदारा, भंवरलाल सारण, देवाराम सायच और श्रवण जाखड़ सहित अन्य गणमान्य लोगों ने तेजा मंदिर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए विभिन्न सदस्यों को अलग-अलग व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने बताया कि तेजा दशमी के अवसर पर श्रद्धालु दर्शन, पूजा-अर्चना और आरती में शामिल होने के लिए मंदिर पहुंचेंगे।श्रीडूंगरगढ़ स्थित वीर तेजाजी महाराज का मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है और तेजा दशमी के अवसर पर यहां विशेष धार्मिक आयोजन किए जाते हैं।















