Advertisement
Home राजस्थान चूरू गीतांजलि स्कूल में धूमधाम से मना दीपोत्सव, रंगारंग प्रस्तुतियों ने बांधा समां

गीतांजलि स्कूल में धूमधाम से मना दीपोत्सव, रंगारंग प्रस्तुतियों ने बांधा समां

चूरू के गीतांजलि पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में दीपोत्सव समारोह के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देते विद्यार्थी

‘टुगेदर वी सेलिब्रेट लाइट, जॉय एंड टुगेदरनेस’ थीम पर हुआ आयोजन; रंगोली प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम और फूड स्टॉल रहे आकर्षण का केंद्र

चूरू। स्थानीय गीतांजलि पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बुधवार रात दीपोत्सव पर्व हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। ‘टुगेदर वी सेलिब्रेट लाइट, जॉय एंड टुगेदरनेस’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम में रोशनी, रंगों और आकर्षक सजावट के बीच विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों ने दीपावली की खुशियां साझा कीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर परिषद सभापति विनय कुमार गोयनका ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा चूरू प्रभारी डॉ. वासुदेव चावला, नगर परिषद नेता प्रतिपक्ष संजय भाटी सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

भारतीय संस्कृति और त्योहारों से मिलते हैं संस्कार

विद्यालय के चेयरमैन दामोदर गौतम ने कहा कि भारतीय संस्कृति और त्योहारों से विद्यार्थियों में प्रेम, भाईचारे और संस्कारों की भावना विकसित होती है। दीपावली का पर्व जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और नई उमंग का संचार करता है।

विद्यालय निदेशक गौरव गौतम ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के स्कूली जीवन की यादों को यादगार बनाते हैं। साथ ही बच्चों में मिल-जुलकर खुशियां बांटने और आपसी सद्भाव की भावना मजबूत होती है।

प्रबंध निदेशक विनय गौतम ने कहा कि शिक्षा के साथ पारंपरिक और सांस्कृतिक आयोजनों से जुड़ाव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। अच्छे संस्कार, श्रेष्ठ विचार और आपसी सौहार्द ही बेहतर समाज की नींव रखते हैं।

रंगोली और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

कार्यक्रम के लिए विद्यालय परिसर को आकर्षक रोशनी और मनमोहक सजावट से सजाया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों के साथ अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। रंगोली प्रतियोगिता और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां समारोह का मुख्य आकर्षण रहीं।वहीं, कार्यक्रम में लगाए गए फूड स्टॉल का विद्यार्थियों और अभिभावकों ने खूब आनंद लिया। पूरे आयोजन में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा। अंत में विद्यालय प्रबंधन ने अतिथियों, अभिभावकों और उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक और स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।

Advertisement