सिंघाना नगरपालिका की हेल्प डेस्क पर मिली सूचना, खेतड़ी नगरपालिका की दमकल ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा


सिंघाना ।झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
सिंघाना नगरपालिका क्षेत्र के गांव पिठौला में राजकीय विद्यालय के पास सूखी घास में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। तेज हवा के कारण आग ने तेजी से फैलना शुरू कर दिया, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग की लपटें बढ़ती देख ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। हालांकि तेज हवा के चलते आग पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था।
ऐसे में ग्रामीणों की सूचना पर खेतड़ी नगरपालिका की दमकल मौके पर पहुंची और दमकलकर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार पिठौला स्थित राजकीय विद्यालय के पास सूखी घास में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप लेना शुरू कर दिया। हवा की गति तेज होने के कारण आग आसपास के क्षेत्र में तेजी से फैलने लगी। आग लगने की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए।
ग्रामीणों ने पानी और अन्य उपलब्ध संसाधनों से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग लगातार फैलती रही। इस दौरान स्थानीय लोगों ने सिंघाना नगरपालिका परिसर में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संचालित हेल्प डेस्क पर घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही नगरपालिका कर्मचारी सक्रिय हुए और खेतड़ी नगरपालिका की दमकल को मौके पर बुलाया गया। दमकल के पहुंचते ही कर्मचारियों ने आग बुझाने का कार्य शुरू किया। आग कई स्थानों तक फैल चुकी थी, ऐसे में दमकलकर्मियों ने लगातार पानी का छिड़काव कर आग को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
ग्रामीण भी दमकलकर्मियों के साथ मिलकर आग बुझाने में जुटे रहे। काफी देर तक चले संयुक्त प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया जा सका। ग्रामीणों की तत्परता और दमकलकर्मियों की सक्रियता से आग को आगे फैलने से रोकने में सफलता मिली। इस दौरान रामप्रसाद, रणजीत सैनी, विक्रम सिंह, साहिल एवं राकेश यादव सहित अन्य ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे और आग बुझाने में सहयोग किया। घटना के दौरान सिंघाना नगरपालिका की हेल्प डेस्क पर सूचना मिलने के बाद नगरपालिका कर्मचारियों की तत्परता भी देखने को मिली। सूचना पर तत्काल दमकल बुलाने की कार्रवाई की गई, जिससे समय रहते आग बुझाने के प्रयास तेज हो सके।












