श्रीराम मंदिर में 3 जून से गूंजेगी श्रीमद् भागवत कथा की अमृतवाणी

भव्य मंगल कलश यात्रा के साथ होगा शुभारंभ, कथा तैयारियों में जुटे हरि प्रेमी

चूरू। अधिकमास के पावन अवसर पर शहर के श्री राम मंदिर में 3 जून से 9 जून 2026 तक श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। कथा का आयोजन प्रतिदिन दोपहर 2:15 बजे से सायं 6:15 बजे तक होगा, जिसमें परम श्रद्धेय श्री हरीश ठाकुर जी महाराज, वृंदावन धाम श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान करवाएंगे।हरि प्रेमियों द्वारा कथा महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। सोमवार को समिति सदस्यों ने शहर के मुख्य बाजार में पहुंचकर दुकानदारों एवं श्रद्धालुओं को निमंत्रण पत्र एवं पीले चावल देकर कथा में शामिल होने का आमंत्रण दिया।हरि कथा प्रचार में रत हरिप्रेमी सुरेश शर्मा ने बताया कि कथा प्रारंभ से पूर्व 3 जून, बुधवार को प्रातः 7:15 बजे गढ़ परिसर स्थित गोपाल मंदिर से भव्य मंगल कलश यात्रा निकाली जाएगी। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु एवं भक्तजन पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होंगे।उन्होंने बताया कि कलश यात्रा हेतु टोकन, जानकारी अथवा 1 रुपए राम नाम या श्रद्धानुसार सहयोग द्वारा यजमान बनने के इच्छुक श्रद्धालु 86 901 65 511 पर संपर्क कर सकते हैं।प्रचार समिति ने सभी श्रद्धालुओं से परिवार सहित अधिक से अधिक संख्या में पधारकर कथा श्रवण एवं मंगल कलश यात्रा में सहभागी बनने तथा इस पुण्य अवसर का लाभ उठाने का आग्रह किया है