खेतड़ी में समाज के लोगों ने एसडीएम को मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, पीड़ितों को मुआवजा दिलाने और जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की उठाई आवाज


खेतड़ी। झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
अलवर में फुटपाथ पर मिट्टी के बर्तन बेचकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले प्रजापति समाज के गरीब युवक, महिलाओं और बच्चों के साथ कथित मारपीट तथा उनके सामान को नुकसान पहुंचाने का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। घटना को लेकर प्रजापति समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। गुरुवार को खेतड़ी में समाज के लोगों ने एकजुट होकर विरोध जताया और उपखंड अधिकारी सुनील कुमार चौहान के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में समाज के लोगों ने बताया कि प्रजापति समाज की गरीब महिलाएं, युवक एवं बच्चे मिट्टी के बर्तन और पूजन सामग्री बेचकर अपने परिवारों का पालन-पोषण करते हैं। इसी आजीविका के सहारे उनके घरों का चूल्हा जलता है। आरोप है कि कुछ दिन पूर्व अलवर नगर पालिका के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बिना किसी कानूनी नोटिस और उचित प्रक्रिया के फुटपाथ पर दुकान लगाकर बैठे गरीब परिवारों के खिलाफ कार्रवाई की।
समाज के लोगों का आरोप है कि कार्रवाई के दौरान कर्मचारियों ने मानवीय संवेदनाओं को दरकिनार करते हुए फुटपाथ पर बैठी महिलाओं और बच्चों के साथ मारपीट की तथा उन्हें वहां से हटा दिया। इस दौरान उनके हजारों रूपये के मिट्टी के बर्तन एवं पूजन सामग्री तोड़ दी गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से पहले से ही आर्थिक तंगी से जूझ रहे गरीब परिवारों के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। ज्ञापन के माध्यम से समाज के लोगों ने मांग की कि गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के साथ कथित बर्बरतापूर्ण व्यवहार करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की निष्पक्ष जांच कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
साथ ही नगरपालिका की कार्रवाई में पीड़ित परिवारों को हुए आर्थिक नुकसान का आकलन करवाकर उन्हें उचित मुआवजा दिलाया जाए। भविष्य में गरीब फुटपाथ विक्रेताओं के खिलाफ किसी भी प्रकार की कार्रवाई निर्धारित कानूनी प्रक्रिया एवं मानवीय दृष्टिकोण अपनाकर ही किए जाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। समाज के लोगों ने कहा कि गरीब परिवारों की आजीविका छीनने और महिलाओं एवं बच्चों के साथ कथित दुर्व्यवहार की घटनाएं किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हैं।
प्रशासन को मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़ितों को न्याय दिलाना चाहिए।इस दौरान रामवतार, सुभाष कुमावत, मंजीत जलंद्रा, राकेश कुमार, प्रवीण कुमार, संत कुमार, मनोज कुमार, सुनीता वर्मा, विजेंद्र, प्रदीप कुमार, ज्ञानीराम, शीशराम, गिरधारी लाल सहित प्रजापति समाज के अनेक लोग मौजूद रहे।












