Advertisement
Home राजस्थान चूरू चूरू गढ़ माजीसा धाम में 279वां जन्मोत्सव, ‘माजीसा घूमर’ से गूंजा मंदिर

चूरू गढ़ माजीसा धाम में 279वां जन्मोत्सव, ‘माजीसा घूमर’ से गूंजा मंदिर

चूरू के गढ़ स्थित माजीसा धाम में माता रानी भटियाणी सा के 279वें जन्मोत्सव पर श्रद्धालु

‘घूमर रमता आवो माजीसा…’ के जयकारों से गूंजा गढ़, धूमधाम से मनाया 279वां जन्मोत्सव, गढ़ स्थित माजीसा धाम में दिनभर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, भजनों और घूमर से भक्तिमय हुआ माहोल

चूरू।पुनीत सोनी
भाद्रपद शुक्ल पक्ष की सप्तमी के अवसर पर शुक्रवार को गढ़ स्थित माजीसा धाम में माता रानी भटियाणी सा का 279वां जन्मोत्सव श्रद्धा, आस्था और भक्ति के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित हुए। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से गढ़ परिसर भक्तिमय नजर आया।

प्रेम कंवर बाईसा ने की विशेष प्रार्थना

जन्मोत्सव के अवसर पर परम भक्त प्रेम कंवर बाईसा ने माजीसा के चरणों में विशेष प्रार्थना की। उन्होंने सभी भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होने तथा सुख-शांति, समृद्धि और निरोगी जीवन की कामना की। उन्होंने माजीसा से श्रद्धालुओं पर कृपा बनाए रखने और उनके जीवन की कठिनाइयों को दूर करने की प्रार्थना की।इसके बाद प्रेम कंवर बाईसा ने केक काटकर माजीसा का जन्मोत्सव मनाया। इस दौरान मौजूद भक्तों ने एक-दूसरे को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और माजीसा के आशीर्वाद की कामना की।

‘माजीसा घूमर रमता आवो’ से गूंजा मंदिर परिसर

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने ‘माजीसा घूमर रमता आवो’ और ‘माजीसा खम्मा घणी’ सहित विभिन्न भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भजनों और जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा। श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए और माहौल पूरी तरह धार्मिक रंग में रंग गया।

दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालु

जन्मोत्सव के अवसर पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचना शुरू हो गया। भक्तों ने माजीसा के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की और अपने परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।गढ़ स्थित माजीसा मंदिर को चूरू का ‘मिनी जसोल धाम’ भी कहा जाता है। जन्मोत्सव के अवसर पर यहां श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

Advertisement