सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने खुद संभाली कमान, मिठाई प्रतिष्ठानों और कैटरिंग कारखाने का किया निरीक्षण , जिलेभर में चला विशेष जांच अभियान



फोटो 06,07
झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
त्योहारों के मौसम में मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग के बीच आमजन की सेहत से खिलवाड़ करने वालों पर स्वास्थ्य विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए गुरुवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने जिलेभर में विशेष जांच अभियान चलाकर विभिन्न प्रतिष्ठानों पर सैंपलिंग और निरीक्षण की कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुल 11 खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भिजवाए गए, वहीं मंडावा में 150 लीटर एक्सपायरी खाद्य तेल को मौके पर ही नष्ट करवाया गया। कार्रवाई में सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए जिला मुख्यालय के प्रमुख मिठाई प्रतिष्ठानों और कैटरिंग कारखाने का निरीक्षण किया।
सीएमएचओ डॉ. गुर्जर सबसे पहले रोड नंबर एक स्थित बांसुरी स्वीट्स पहुंचे, जहां अंजीर बर्फी का नमूना लिया गया। उन्होंने प्रतिष्ठान संचालकों को मिठाइयों के निर्माण, भंडारण और रखरखाव में खाद्य सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की हिदायत दी। इस दौरान एफएसओ दीपेंद्र शेखावत एवं विकास शर्मा की टीम मौजूद रही।
इसके बाद डॉ. गुर्जर पुराना बाजार स्थित रानी सती रोड पर पुष्कर कैटरिंग के कारखाने पहुंचे। यहां मावे एवं सोयाबीन कुकिंग ऑयल के नमूने लिए गए। उन्होंने कारखाने का निरीक्षण कर खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण, स्वच्छता और निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। यहां एफएसओ महेंद्र चतुर्वेदी एवं नेमीचंद की टीम ने सैंपलिंग की कार्रवाई की। दोनों स्थानों पर निरीक्षण के दौरान डीपीसी डॉ. महेश कड़वासरा एवं मीडिया प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
150 लीटर एक्सपायरी तेल करवाया नष्ट , 11 नमूने जांच के लिए भेजे
एफएसओ दीपेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि मंडावा में जांच अभियान के दौरान 150 लीटर एक्सपायरी खाद्य तेल को नष्ट करवाया गया। वहीं सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने बताया कि गुरूवार को जिलेभर में चलाए गए अभियान के तहत अंजीर बर्फी, दो प्रकार की मावा मिठाई, घी, बादाम, दुग्ध, दो खोया एवं तीन सोयाबीन तेल सहित कुल 11 नमूने एकत्रित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जिले के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य सुरक्षा टीमों ने अलग-अलग प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की तथा आवश्यक नमूने लिए। अभियान में महेंद्र मेहनतकश, लालू यादव, सुखदेव सिंह, सुमेर सिंह, डॉ. निकी चौधरी एवं विनोद कुमारी ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।
सीएमएचओ की अपील :मिठाई खरीदने से पहले गुणवत्ता और एक्सपायरी तिथि जरूर जांचें
सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने आमजन से अपील की कि त्योहारों की खरीदारी के दौरान मिठाइयों एवं अन्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें। खाद्य पदार्थ खरीदते समय उनकी निर्माण एवं एक्सपायरी तिथि, पैकिंग, भंडारण की स्थिति और साफ-सफाई अवश्य जांचें।
खुले में रखी मिठाइयों और संदिग्ध गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों की खरीद से बचें। उन्होंने कहा कि त्योहारों की खुशियां तभी सार्थक हैं, जब परिवार का स्वास्थ्य भी सुरक्षित रहे। इसलिए पूरी जांच-परख और संतुष्टि के बाद ही खाद्य सामग्री खरीदें। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर निगरानी रखने के लिए जांच अभियान जारी रहेगा।












