टोबेको फ्री यूथ कैंपेन 0.4 के पोस्टर का विमोचन, सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने युवाओं से तंबाकू मुक्त जीवनशैली अपनाने का किया आह्वान


झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
युवाओं को तंबाकू की लत से दूर रखने और समाज को तंबाकू मुक्त बनाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग ने जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में गुरूवार को स्वास्थ्य भवन में टोबेको फ्री यूथ कैंपेन 0.4 के जनजागरूकता पोस्टर का विमोचन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने किया। जिले में इस अभियान के तहत 60 दिवसीय विशेष जागरूकता कार्यक्रम चलाया जाएगा, जो 26 दिसंबर 2026 तक जारी रहेगा।
पोस्टर विमोचन के दौरान सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने कहा कि तंबाकू एवं तंबाकू जनित उत्पादों का सेवन युवाओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। इनके दुष्प्रभावों के प्रति समय रहते जागरूकता पैदा करना आवश्यक है। अभियान का उद्देश्य युवाओं और आमजन को तंबाकू सेवन से होने वाले शारीरिक एवं स्वास्थ्य संबंधी नुकसान की जानकारी देना तथा उन्हें तंबाकू से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है।
डॉ. गुर्जर ने बताया कि अभियान के तहत ग्राम स्तर से लेकर ब्लॉक एवं जिला स्तर तक विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनके माध्यम से युवाओं को तंबाकू सेवन से बचने, स्वस्थ एवं तंबाकू मुक्त जीवनशैली अपनाने और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।
जागरूकता के माध्यम से नई पीढ़ी को तंबाकू के सेवन से बचाने के साथ ही स्वस्थ समाज की दिशा में सकारात्मक प्रयास किए जा सकते हैं।
इस अवसर पर अभियान के नोडल अधिकारी एवं डिप्टी सीएमएचओ डॉ. भंवर लाल सर्वा, डीपीओ डॉ. ऋतु शेखावत, डीएम शीशपाल सैनी, विनय खंडेलवाल, डीपीसी डॉ. महेश कड़वासरा, स्टोर प्रभारी विक्रम सिंह एवं प्रमोद चाहर सहित स्वास्थ्य विभाग के अनेक कार्मिक उपस्थित रहे।












