जिलाध्यक्ष हर्षिनी कुलहरी ने किया ध्वजारोहण, वीर शहीदों के बलिदान को किया नमन
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE

झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय झुंझुनूं में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत वातावरण में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 7:30 बजे भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षिनी कुलहरी ने ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद उपस्थित भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा एवं सम्मान व्यक्त किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षिनी कुलहरी ने सभी कार्यकर्ताओं एवं जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस उन सभी वीर अजर-अमर बलिदानियों को स्मरण करने और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, जिनके त्याग और बलिदान के कारण आज देश स्वतंत्रता की सांस ले रहा है। उन्होंने कहा कि झुंझुनूं वीरों की धरती है, जहां से बड़ी संख्या में वीर जवानों ने मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। कुलहरी ने कहा कि देश की आजादी के लिए वीर सपूतों ने अपने जीवन की चिंता किए बिना राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा। उनके त्याग और संघर्ष ने देश को स्वतंत्रता दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का भी दिन है। हमें देश के वीर शहीदों के सपनों का भारत बनाने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास में अपना योगदान देना चाहिए। कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री दलीप सैनी, जिला उपाध्यक्ष अजय चाहर एवं महावीर ढाका, मीडिया प्रभारी ललित जोशी, आईटी संयोजक सौरभ सोनी, सोशल मीडिया प्रभारी चंद्रप्रकाश शुक्ला, प्रवक्ता संजय मोरवाल, प्रकोष्ठ संयोजक जयप्रकाश सुरा सहित वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता रामचंद्र पाटोदा, रामनिवास सैनी, मनोज सैनी, बजरंग पूनिया सहित बड़ी संख्या में भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पूरा पार्टी कार्यालय भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से गूंज उठा। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं समृद्धि के लिए संकल्प व्यक्त किया।
चूरू में 100 फुटवियर कारीगरों को टूल किट और प्रमाण पत्र | राठौड़-सहारण ने किया सम्मानित














