टेंपो में छिपाकर ले जा रहा था 336 पव्वे देशी शराब, नाकाबंदी में पकड़ा गया आरोपी, 7 कार्टून अवैध शराब बरामद, परिवहन में प्रयुक्त टेंपो जब्त; किशोर गिरफ्तार
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE


पिलानी। झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस थाना पिलानी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 336 पव्वे अवैध देशी शराब बरामद किए हैं। पुलिस ने शराब के परिवहन में प्रयुक्त टेंपो को जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक जिला झुंझुनूं कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृत्ताधिकारी चिड़ावा गौरव गुर्जर के सुपरविजन में थानाधिकारी अलका विश्नोई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार 17 अगस्त 2026 को पुलिस टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक टेंपो में अवैध देशी शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने हरिनगर से खेड़ला का बास मार्ग पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध टेंपो को रूकवाकर उसकी तलाशी ली। तलाशी में टेंपो के अंदर 7 कार्टूनों में कुल 336 पव्वे अवैध देशी शराब बरामद हुई। आरोपी से शराब के परिवहन एवं कब्जे के संबंध में वैध लाइसेंस मांगा गया, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 336 पव्वे अवैध देशी शराब तथा शराब परिवहन में प्रयुक्त टेंपो जब्त कर लिया। मामले में किशोर पुत्र रामचन्द्र, उम्र 36 वर्ष, निवासी खेड़ला का बास, थाना पिलानी, जिला झुंझुनूं को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अभियोग दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है।कार्रवाई थानाधिकारी अलका विश्नोई के नेतृत्व में गठित टीम ने की। टीम में अंकित कुमार एचसी , राजवीर कानि. तथा गौरीशंकर कानि. पुलिस थाना पिलानी शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद शराब कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।















