श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव का विधिवत शुभारंभ, भजन-कीर्तन और धार्मिक गीतों से भक्तिमय हुआ गांव का माहौल
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE


खेतड़ी।झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
खेतड़ी उपखंड के नालपुर गांव में श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव का शुभारंभ श्रद्धा और भक्ति के माहौल में भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। श्री ठाकुर जी मंदिर से निकली कलश यात्रा में सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर सुसज्जित कलश धारण कर पूरे गांव का भ्रमण किया। इस दौरान भगवान के जयकारों, भजन-कीर्तन और धार्मिक गीतों से पूरा गांव भक्तिमय हो उठा। कलश यात्रा का शुभारंभ पंडित रामभरोस के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना के साथ हुआ। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर श्रद्धा और उत्साह के साथ यात्रा में भाग लिया। यात्रा में युवा और बच्चे भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। आकर्षक बग्गी तथा डीजे पर बज रही धार्मिक धुनें श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं । कलश यात्रा गांव के विभिन्न मार्गों से होते हुए कथा स्थल पर पहुंची। यात्रा के दौरान ग्रामीणों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। भगवान के जयकारों और धार्मिक भजनों से वातावरण पूरी तरह धर्ममय नजर आया। आयोजन समिति एवं ग्रामीणों की ओर से श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई। कलश यात्रा के साथ ही श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव का विधिवत शुभारंभ हुआ। कथा स्थल पर कथावाचक ने श्रीमद्भागवत कथा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को भगवान की भक्ति, सदाचार और धार्मिक मार्ग पर चलने का संदेश दिया। कथा श्रवण के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु पहुंचे और धर्मलाभ लिया।
आयोजन समिति ने बताया कि आगामी दिनों में भी श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन जारी रहेगा। समिति की ओर से ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कथा स्थल पर पहुंचकर कथा श्रवण एवं धर्मलाभ लेने की अपील की गई। इस अवसर पर कृष्ण बंसल, देशराम, दलीप सिंह, माडूराम, पंडित रामभरोस, महेंद्र शास्त्री, प्रदीप कुमार, संजय, सतीश कुमार, राहुल, विजेश, सुरेंद्र सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
,














