वन महोत्सव के तहत ‘हरयालो राजस्थान’ अभियान में हुआ पौधारोपण, संरक्षण का भी लिया संकल्प, पुलिस महानिरीक्षक एटीएस राजेश सिंह ने कहा—पौधारोपण को जनआंदोलन बनाना होगा, जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग बोले—पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल भी जरूरी
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE


झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
अलीपुर ग्राम पंचायत स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार को ‘हरयालो राजस्थान’ अभियान एवं वन महोत्सव के तहत भव्य पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में करीब एक हजार पौधे लगाए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस महानिरीक्षक एटीएस राजेश सिंह ने की, जबकि जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम संयोजक विशंभर पूनिया के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में विद्यार्थियों, ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
‘एक पौधा लगाने से बड़ी जिम्मेदारी, उसे पेड़ बनाना’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस महानिरीक्षक एटीएस राजेश सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी जरूरतों में शामिल है। आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, पर्याप्त पानी और बेहतर पर्यावरण उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण को केवल औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि हर लगाए गए पौधे को पेड़ बनने तक उसकी देखभाल की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों और विद्यार्थियों का आह्वान किया कि पौधारोपण को जनआंदोलन बनाएं तथा जीवन के महत्वपूर्ण अवसरों को पौधारोपण से जोड़ें। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक पेड़ आने वाली कई पीढ़ियों के लिए जीवन और पर्यावरण का आधार बन सकता है।मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने पौधारोपण करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार अथवा किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी से ही पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पौधे लगाने के बाद उनकी नियमित देखभाल, सिंचाई और सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है। पौधों का संरक्षण होगा, तभी पौधारोपण अभियान वास्तव में सफल माना जाएगा। कार्यक्रम को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से भी जोड़ा गया। इस दौरान विद्यार्थियों, ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने पौधे लगाए तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।पौधारोपण कार्यक्रम में एसपी कावेंद्र सिंह सागर, डीएफओ काविया पीबी, चिड़ावा तहसीलदार बलवीर, चिड़ावा विकास अधिकारी अनीषा, डालमिया सेवा संस्थान के भूपेंद्र पालीवाल, चिड़ावा सीबीईओ उम्मादत झाझड़िया, विद्यालय प्रधानाचार्य अशोक शर्मा, बगड़ एसएचओ मुकेश चौधरी, पंचायत प्रशासक अजीत भांबू सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
अलीपुर को हरा-भरा बनाने का लक्ष्य
कार्यक्रम संयोजक विशंभर पूनिया ने बताया कि अलीपुर क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल के लिए भी आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों की जिम्मेदारी लेकर उन्हें सुरक्षित रखा जाए। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और बदलती पर्यावरणीय परिस्थितियों के बीच अधिकाधिक पौधे लगाना और उनका संरक्षण करना समय की आवश्यकता है। विद्यालय परिसर में आयोजित इस अभियान ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश भी दिया।














