परेड, बैंड, मार्चपास्ट और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां; विद्यार्थियों ने दिया राष्ट्रसेवा, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE

झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
गौरव पथ स्थित एस.एस. मोदी विद्या विहार में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति, उत्साह और गरिमामय वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में ध्वजारोहण, एनसीसी परेड, बैंड, मार्चपास्ट, देशभक्ति गीतों, भाषणों, नृत्य एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वातावरण को राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत कर दिया। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। समारोह के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त सैनिक कल्याण अधिकारी मेजर जयराम सिंह तथा विशिष्ट अतिथि भारतीय नौसेना के सेवानिवृत्त चीफ पेटी ऑफिसर शिशराम जाखड़ रहे। विद्यालय समन्वयक मनीष अग्रवाल, अकादमिक निदेशक रॉय सी. पॉल एवं प्राचार्य विजय मसीह की उपस्थिति में ध्वजारोहण किया गया। मुख्य अतिथि को बैंड एवं एनसीसी परेड द्वारा शानदार सलामी दी गई।
स्वतंत्रता के साथ कर्तव्यों की जिम्मेदारी भी समझें : मेजर जयराम सिंह
मुख्य अतिथि मेजर जयराम सिंह ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों एवं अमर शहीदों को नमन करते हुए अपने संस्मरण विद्यार्थियों के साथ साझा किए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल हमारा अधिकार नहीं है, बल्कि इसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी भी है। विद्यार्थियों से देश के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने, अनुशासन अपनाने और समाज एवं राष्ट्र के विकास में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिन वीर शहीदों के त्याग और बलिदान से देश को आजादी मिली, उन्हें हमें सदैव याद रखना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को परोपकार की भावना के साथ कार्य करने तथा अपने जीवन में नैतिक गुणों का विकास करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही देश के भावी कर्णधार हैं।
युवा शक्ति मेहनत, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा से आगे बढ़े : शिशराम जाखड़
विशिष्ट अतिथि शिशराम जाखड़ ने कहा कि समारोह में विद्यार्थियों ने देशभक्ति की भावना के साथ अपनी रचनात्मक प्रतिभा का भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि भारत विज्ञान, तकनीक, शिक्षा, खेल और आत्मनिर्भरता सहित विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर आगे बढ़ रहा है। देश की विकास यात्रा को और मजबूत बनाने के लिए युवा पीढ़ी को मेहनत, ईमानदारी, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा की भावना के साथ आगे बढ़ना होगा।
अधिकारों के साथ कर्तव्यों का पालन भी जरूरी : मनीष अग्रवाल
विद्यालय समन्वयक मनीष अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से प्राप्त आजादी की सार्थकता तभी है, जब हम अपने अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों का भी पूरी निष्ठा से पालन करें। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।विद्यालय प्राचार्य विजय मसीह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्य एवं विशिष्ट अतिथि का स्वागत किया तथा विद्यार्थियों को उनका परिचय करवाया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 15 अगस्त भारतीय इतिहास का गौरवशाली दिन है, जो हमें स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और दृढ़ संकल्प की याद दिलाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अधिकारों की अपेक्षा करने से पहले हमें अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहना चाहिए।समारोह में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य, भाषण एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस की भावना को जीवंत कर दिया। विभिन्न सदनों के विद्यार्थियों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। अंतरसदनीय नृत्य प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। प्रतियोगिता में अरावली सदन ने प्रथम, विंध्या सदन ने द्वितीय, हिमालय सदन ने तृतीय तथा शिवालिक सदन ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। निर्णायक की भूमिका सुलोचना, मनीषा चौधरी एवं वंदना राठौड़ ने निभाई। विद्यालय समन्वयक मनीष अग्रवाल ने परिणामों की घोषणा करते हुए विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।हिंदी भाषण में किन्शु तथा अंग्रेजी भाषण में आंचल ने प्रभावशाली प्रस्तुति दी। संगीत शिक्षक आत्माराम जांगिड़ एवं विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत प्रस्तुत कर स्वतंत्रता दिवस के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों के भाषणों में स्वतंत्रता संग्राम, वीर सेनानियों के संघर्ष तथा वर्तमान भारत की उपलब्धियों की झलक दिखाई दी। वहीं कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया गया। विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन तनुश्री जालान एवं विभूति हरितवाल ने बिनेश शेखावत एवं अर्चना शर्मा के मार्गदर्शन में प्रभावी ढंग से किया। समारोह के दौरान विद्यालय परिवार ने राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए देश की एकता, अखंडता एवं गौरव को बनाए रखने का संकल्प लिया। राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत के साथ समारोह का समापन हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। मुंबई प्रवासी ट्रस्टी शशिकांत मोदी, गिलूराम मोदी, सौरभ मोदी, प्रियंक मोदी एवं कनिका मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों को मंगलकामनाएं प्रेषित कीं।
चूरू में 100 फुटवियर कारीगरों को टूल किट और प्रमाण पत्र | राठौड़-सहारण ने किया सम्मानित













