Advertisement
Home राजस्थान हनुमानगढ अपनी मांग मनवाने पेड पर चढा युवक

अपनी मांग मनवाने पेड पर चढा युवक

पुलिस — प्रसासन ने कडी मशक्कत के बाद उतारा नीचे

हनुमानगढ़।(हिमांशु मिढा) खेत के रास्ते के विवाद को लेकर एक युवक मंगलवार को कलक्ट्रेट स्थित पेड़ पर चढ़ गया। सूचना मिलने पर डीएसपी प्रशांत कौशिक तथा जंक्शन थाना प्रभारी नरेश गेरा मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। साथ ही जिला प्रशासन को भी इसकी सूचना दी। पेड़ पर चढ़े युवक को समझाइश कर नीचे उतारने का प्रयास किया। मगर वह अपनी मांग के संबंध में ठोस आश्वासन मिलने पर ही नीचे उतरने की बात पर अड़ गया। ऐसे में पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों ने पेड़ के नीचे जाल लगवा दिया ताकि अनहोनी की स्थिति में उसे टाला जा सके। जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय के निकटवर्ती गांव 25 एसएसडब्ल्यू निवासी अनिल कुमार (26) पुत्र भोलाराम स्वामी सुबह करीब पौने दस बजे कलक्ट्रेट भवन के मुख्य द्वार के पास स्थित आडू के पेड़ पर चढ़ गया। वहां तैनात कार्मिकों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा उसे नीचे उतरने के लिए मनाया। पेड़ पर चढ़े अनिल स्वामी का कहना था कि 25 एसएसडब्ल्यू क्षेत्र में ही उनका खेत है। हमारी आपत्तियों को दरकिनार कर खेत में गलत ढंग से रास्ता स्वीकृत कर दिया गया है। प्रशासन ने बार-बार मांग के बावजूद सुनवाई नहीं की। जब तक खेत के रास्ते के विवाद का न्यायोचित ढंग से निपटारे का लिखित आश्वासन नहीं दिया जाएगा तब तक वह पेड़ से नीचे नहीं उतरेगा। एसडीएम कपिल यादव एवं तहसीलदार दानाराम मीणा भी मौके पर पहुंचे तथा युवक से समझाइश की। करीब 4 घंटे की खींचतान के बाद दोपहर 12:45 तहसीलदार दाना राम मीणा के आश्वासन के पश्चात युवक पेड़ से नीचे उतरा।

Advertisement