पीलीबंगा में सीटू, किसान सभा और मजदूर संगठनों की बैठक, 6 अगस्त को हनुमानगढ़ आएंगे राष्ट्रीय अध्यक्ष सुदीप दत्ता
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE
हनुमानगढ़ । हिमांशु मिढ्ढा
केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में 10 अगस्त को प्रस्तावित देशव्यापी जेल भरो आंदोलन को सफल बनाने के लिए जिलेभर में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में मंगलवार को पीलीबंगा में अखिल भारतीय किसान सभा, भारतीय ट्रेड यूनियन केंद्र (सीटू) तथा खेत एवं ग्रामीण मनरेगा मजदूर यूनियन की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा करते हुए अधिक से अधिक किसानों, मजदूरों और कर्मचारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ मजदूर नेता रामेश्वर वर्मा, मनीराम मेघवाल और कामरेड गोपाल बिश्नोई ने की। इस दौरान वक्ताओं ने केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि मजदूरों, किसानों और आमजन के हितों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि इन नीतियों के विरोध में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन चलाना समय की आवश्यकता है।बैठक को संबोधित करते हुए सीटू के जिला महासचिव शेर सिंह शाक्य ने बताया कि तीनों संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में 10 अगस्त को पूरे देश में जेल भरो आंदोलन आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन को संयुक्त किसान मोर्चा, जनवादी जनसंगठन, अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति, भारत की जनवादी नौजवान सभा तथा स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) सहित अनेक जनसंगठनों का समर्थन प्राप्त है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी संगठनों की एकजुटता से आंदोलन व्यापक और प्रभावी होगा।शेर सिंह शाक्य ने बताया कि आंदोलन की तैयारियों को गति देने के लिए सीटू के अखिल भारतीय अध्यक्ष सुदीप दत्ता तथा कोषाध्यक्ष कामरेड एम. साईं बाबू 6 अगस्त को हनुमानगढ़ पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। उन्होंने बताया कि सभी कार्यकर्ता 6 अगस्त को सुबह 10 बजे रेलवे बाउंड्री में पहुंचकर राष्ट्रीय नेताओं का स्वागत करेंगे और शहर में बाईक रैली निकाल कर आंदोलन का आगाज करेंगे।तथा आगामी आंदोलन की रणनीति पर विचार-विमर्श करेंगे।बैठक में उपस्थित नेताओं ने कहा कि मजदूरों, किसानों और कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठित संघर्ष ही सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि यदि सभी वर्ग एकजुट होकर आवाज उठाएंगे तो जनविरोधी नीतियों को वापस लेने के लिए सरकार पर दबाव बनाया जा सकेगा। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और ढाणी-ढाणी जाकर आंदोलन का प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक लोगों को 10 अगस्त के जेल भरो आंदोलन से जोड़ने का आह्वान किया।बैठक के अंत में उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आंदोलन को पूरी ताकत के साथ सफल बनाने का संकल्प लिया और कहा कि जनहित के मुद्दों पर संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।














