हनुमानगढ़ जंक्शन व टाउन के आठ ब्लॉकों सहित जिला परिषद जॉन 31 से चुनाव लड़ने का ऐलान

हनुमानगढ़। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी (माकपा) की ओर से पंचायती राज चुनाव की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी पंचायत समिति एवं जिला परिषद चुनाव को लेकर संगठनात्मक तैयारियों पर चर्चा की गई तथा पार्टी की ओर से चुनाव मैदान में उतरने वाले क्षेत्रों की घोषणा की गई। बैठक में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने चुनाव को लेकर रणनीति पर विचार-विमर्श किया।
बैठक में तहसील सचिव बसंत सिंह, सचिव मंडल सदस्य आत्मा सिंह तथा बहादुर सिंह चौहान सहित पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे। पदाधिकारियों ने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं में जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को पंचायत स्तर पर प्रभावी तरीके से रखने के उद्देश्य से माकपा चुनाव मैदान में उतरेगी।
बैठक के दौरान माकपा ने पंचायत समिति हनुमानगढ़ जंक्शन के ब्लॉक नंबर 6, 7, 8, 9, 10 एवं 18 से चुनाव लड़ने की घोषणा की। वहीं पंचायत समिति हनुमानगढ़ टाउन के ब्लॉक नंबर 4 एवं 6 से भी पार्टी प्रत्याशी मैदान में उतारे जाएंगे। इसके अलावा जिला परिषद के जॉन नंबर 31 से चुनाव लड़ने का निर्णय लिया गया।
पार्टी नेताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं और आमजन से जुड़े अनेक मुद्दे लंबे समय से बने हुए हैं। इन मुद्दों को लेकर माकपा लगातार संघर्ष करती रही है। पंचायती राज चुनावों में पार्टी ऐसे उम्मीदवारों को मैदान में उतारने की दिशा में काम करेगी, जो आमजन के बीच सक्रिय रहकर उनकी समस्याओं को प्राथमिकता से उठाएं।
बैठक में चुनाव को लेकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान तेज करने पर भी चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव को गंभीरता से लेते हुए संगठन के पक्ष में माहौल तैयार करने का आह्वान किया।
माकपा नेताओं ने कहा कि चुनाव केवल राजनीतिक प्रतिनिधित्व हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि ग्रामीण जनता के अधिकारों और मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष को आगे बढ़ाने का अवसर भी है। बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने पार्टी के घोषित क्षेत्रों में चुनाव की तैयारियों को गति देने और अधिक से अधिक ग्रामीण मतदाताओं से संपर्क करने का संकल्प लिया।














