मेहरानगढ़ की तलहटी में 250 से अधिक कलाकारों ने बिखेरे संगीत के रंग, राजस्थानी लोकधुनों के साथ विदेशी कलाकारों की प्रस्तुतियों ने मोहा दर्शकों का मन
जोधपुर । राजस्थान इंटरनेशनल फोक फेस्टिवल (RIFF) का रंगारंग आगाज मेहरानगढ़ किले की तलहटी में हुआ। मेहरानगढ़ म्यूजिक ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव की ओपनिंग नाइट में देशी और विदेशी कलाकारों ने लोक संगीत की विविध रंगत पेश की। पारंपरिक राजस्थानी धुनों और अंतरराष्ट्रीय संगीत के अनूठे संगम ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
राजस्थानी लोकधुनों के साथ विदेशी कलाकारों की प्रस्तुति
फेस्टिवल डायरेक्टर दिव्या भाटिया ने बताया कि RIFF के शुभारंभ पर राजस्थानी और विदेशी कलाकारों ने संगीत की लय और ताल के साथ शानदार जुगलबंदी पेश की। कार्यक्रम में 250 से अधिक कलाकारों ने भाग लिया। कोलंबिया, अमेरिका, कनाडा, स्कॉटलैंड, फ्रांस, पोलैंड, फिनलैंड, ऑस्ट्रेलिया और भारत सहित विभिन्न देशों के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधा।
पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुनों ने बांधा समां
कार्यक्रम में राजस्थानी लोक संगीत के साथ पारंपरिक वाद्ययंत्रों की प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। अलगोजा, भीम वाद्य और कंगी जैसे पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुनों ने लोक संस्कृति की समृद्ध विरासत को मंच पर जीवंत किया। विदेशी कलाकारों ने भी भारतीय लोक संगीत की लय के साथ तालमेल बिठाकर दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
अनीता दांगी और कोलंबियाई कलाकार की जुगलबंदी को सराहना
बीकानेर की मीर कलाकार अनीता दांगी ने कोलंबिया की एक कलाकार के साथ मिलकर अपनी आवाज और वाद्य संगीत से दर्शकों का मन मोह लिया। दोनों कलाकारों की जुगलबंदी पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उत्साहवर्धन किया।
RIFF की ओपनिंग नाइट ने लोक संगीत की वैश्विक पहचान और विभिन्न संस्कृतियों के बीच संगीत के माध्यम से जुड़ाव की खूबसूरत तस्वीर पेश की। मेहरानगढ़ की ऐतिहासिक तलहटी में सजी इस संगीतमय शाम ने महोत्सव की शुरुआत को यादगार बना दिया।












