राठौड़-सहारण की मौजूदगी में विनय गोयनका और ओमप्रकाश इन्दोरिया ने संभाली नगर परिषद की कमान, पूजा-अर्चना के बाद सभापति-उपसभापति ने ग्रहण किया पदभार, शहर के विकास और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने का दिया भरोसा
चूरू । नगर परिषद चूरू में बुधवार को नए नेतृत्व ने औपचारिक रूप से कामकाज संभाल लिया। नवनिर्वाचित सभापति विनय कुमार गोयनका और उपसभापति ओमप्रकाश इन्दोरिया ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद पदभार ग्रहण किया। इस दौरान पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ और विधायक हरलाल सहारण मौजूद रहे और दोनों पदाधिकारियों को पदभार ग्रहण करवाया।पदभार ग्रहण कार्यक्रम से पहले पंडितों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना करवाई। इसके बाद सभापति और उपसभापति ने अपने-अपने पद का कार्यभार संभाला।
राठौड़ बोले- सभी को साथ लेकर विकास की दिशा में बढ़ें
पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने नवनिर्वाचित सभापति और उपसभापति को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नगर परिषद के नए नेतृत्व के सामने चूरू के विकास को गति देने की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने पार्षदों और शहरवासियों को साथ लेकर जनहित में काम करने पर जोर दिया।राठौड़ ने कहा कि शहर के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
विधायक सहारण ने गिनाईं शहर की प्राथमिकताएं
विधायक हरलाल सहारण ने कहा कि नए बोर्ड से शहरवासियों को विकास की उम्मीदें हैं। उन्होंने सड़क, सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की जरूरत बताई।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ शहर के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने के लिए नगर परिषद और सरकार के स्तर पर बेहतर समन्वय के साथ काम किया जाएगा।
गोयनका बोले- समस्याओं का समाधान रहेगा प्राथमिकता
पदभार संभालने के बाद सभापति विनय कुमार गोयनका ने कहा कि शहर के विकास और नगर परिषद की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ काम किया जाएगा। उन्होंने शहरवासियों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करवाने तथा स्वच्छ, सुंदर और विकसित चूरू के लिए सभी के सहयोग से काम करने की बात कही।
इन्दोरिया ने भी दिया विकास का भरोसा
उपसभापति ओमप्रकाश इन्दोरिया ने कहा कि सभापति और सभी पार्षदों के साथ मिलकर शहर के विकास के लिए काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। साथ ही उन्होंने शहरवासियों से नगर परिषद के विकास कार्यों में सहयोग की अपील की।
भाजपा पदाधिकारी और पार्षद रहे मौजूद
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष बसंत शर्मा, पदम सिंह राठौड़, विमला गढ़वाल, मोहनलाल गढ़वाल, वासुदेव चावला, अख्तर खान, चंद्रप्रकाश शर्मा, मदन गोपाल बालाण, श्रीश्याम पीपलवा, सुनील ढाका, राकेश दाधीच, बाबू इस्माईल, भागीरथ सैनी, मनोज गढ़वाल, अश्विनी बुडानिया सहित भाजपा कार्यकर्ता, पार्षद एवं सर्व समाज के लोग मौजूद रहे।
















