धनतेरस के शुभ मुहूर्त में विधि-विधान से किया पदभार ग्रहण, सैकड़ों ग्रामीण रहे मौजूद; पांच साल में विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का संकल्प


रिपोर्ट: प्रहलाद सिंह | देसूरी। देसूरी उपखंड क्षेत्र की एक दर्जन से अधिक ग्राम पंचायतों में धनतेरस के शुभ मुहूर्त पर नव निर्वाचित सरपंचों और पंचों ने विधि-विधान के साथ पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर विभिन्न पंचायतों में सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे और नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया।
क्षेत्र की ग्राम पंचायत नाड़ोल में टीकमचंद मेघवाल, बड़ौद में देवेन्द्र सिंह चारण, दूदापुरा में भंवरलाल घांची, कोटड़ी में सीता कुमारी, सिन्दरली में पुष्पा, दादाई में पवन चौधरी और माड़पुर में नंदाराम चौधरी सहित अन्य ग्राम पंचायतों में भी नवनिर्वाचित सरपंचों ने पदभार संभाला।
विकास और जनसुविधाओं को प्राथमिकता देने का संकल्प
पदभार ग्रहण करने के बाद नवनिर्वाचित सरपंचों ने आगामी पांच वर्षों में ग्राम पंचायतों के विकास को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के हर तबके तक पहुंचाने के लिए प्रयास किए जाएंगे।
सरपंचों ने पंचायत क्षेत्रों में स्वच्छता, शिक्षा, चिकित्सा, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए सभी वर्गों को साथ लेकर काम करने का संकल्प जताया।














