Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं पाली में भीषण हादसा: किसान की गर्दन के आर-पार घुसी 13 सेंटीमीटर...

पाली में भीषण हादसा: किसान की गर्दन के आर-पार घुसी 13 सेंटीमीटर लंबी लकड़ी, दो घंटे के ऑपरेशन से बची जान

पाली के बांगड़ अस्पताल में किसान की गर्दन में घुसी लकड़ी निकालने के लिए जटिल ऑपरेशन करने वाली नौ डॉक्टरों की टीम

बुलेट की टक्कर से बाइक सवार किसान सड़क किनारे बबूल के सूखे पेड़ पर गिरे; 9 डॉक्टरों की टीम ने किया जटिल ऑपरेशन

प्रहलाद सिंह | पाली।
पाली जिले के मारवाड़ जंक्शन क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार किसान की गर्दन में बबूल की करीब 13 सेंटीमीटर लंबी लकड़ी आर-पार घुस गई। गंभीर रूप से घायल किसान को बांगड़ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां नौ डॉक्टरों की टीम ने करीब दो घंटे तक ऑपरेशन कर उनकी जान बचाई। राहत की बात रही कि लकड़ी से दिमाग की नस को नुकसान नहीं पहुंचा।

बुलेट की टक्कर से हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार हादसा बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे मारवाड़ जंक्शन के भांगेसर-खामल गांव के पास हुआ। सुरायता निवासी किसान मदनलाल (50) अपनी पत्नी ढगलीदेवी (45) के साथ बाइक से पुनायता स्थित खेत की रखवाली करने जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक बुलेट ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर के कारण मदनलाल उछलकर सड़क किनारे खड़े बबूल के सूखे पेड़ पर जा गिरे। पेड़ की लकड़ी उनकी गर्दन में घुस गई। हादसे के बाद एक पिकअप चालक उन्हें उपचार के लिए बांगड़ अस्पताल लेकर पहुंचा।

नौ डॉक्टरों की टीम ने किया दो घंटे ऑपरेशन

अस्पताल में चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया। डॉ. मनीष चौधरी के अनुसार शाम करीब 6 बजे ऑपरेशन शुरू किया गया, जो लगभग दो घंटे तक चला। जटिल ऑपरेशन में नौ डॉक्टरों की टीम शामिल रही। टीम में डॉ. दिनेश सोलंकी, डॉ. अशोक विश्नोई और डॉ. श्वेता बराड़िया सहित अन्य चिकित्सक शामिल थे।

चिकित्सकों के अनुसार गनीमत रही कि लकड़ी गर्दन में घुसने के बावजूद दिमाग की नस को नुकसान नहीं पहुंचा और समय पर किए गए उपचार से किसान की जान बचाई जा सकी।

Advertisement