ठाकुरजी मंदिर से निकली शोभायात्रा, जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत , माता यशोदा की झांकी के नीचे से निकलने उमड़े श्रद्धालु
खेतड़ी। झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
खेतड़ी क्षेत्र के गांव सिहोड़गढ़ में धार्मिक आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। ठाकुरजी मंदिर से भगवान श्रीकृष्ण की भव्य झांकी के साथ शोभायात्रा निकाली गई। गांव के मुख्य मार्गों से निकली शोभायात्रा का ग्रामीणों ने जगह-जगह श्रद्धा एवं उत्साह के साथ स्वागत किया। शंखनाद और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा गांव भक्तिमय हो उठा।
हर वर्ष की परंपरा के अनुसार आयोजन के दौरान भगवान श्रीकृष्ण का कुआं पूजन किया गया। माता यशोदा को पालने में विराजमान कर सुसज्जित झांकी तैयार की गई और इसे गांव के प्रमुख मार्गों से भ्रमण करवाया गया। जैसे-जैसे झांकी आगे बढ़ती गई, श्रद्धालुओं की संख्या भी बढ़ती गई। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण श्रद्धालु शोभायात्रा में शामिल हुए। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालु हाथों में शंख लेकर लगातार शंखनाद करते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाते चल रहे थे। शंख की गूंज और जयकारों से गांव का वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक एवं भक्तिमय नजर आया। ग्रामीणों ने जगह-जगह झांकी का स्वागत किया तथा भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
ग्रामीणों की आस्था और मान्यता के अनुसार माता यशोदा की झांकी के नीचे से निकलने से परिवार का कल्याण होता है और जीवन के कष्ट दूर होते हैं। इसी श्रद्धा के चलते बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग झांकी के नीचे से होकर निकले और भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया। शोभायात्रा गांव के मुख्य मार्गों से होती हुई जोहड़ पहुंची। यहां माता यशोदा की झांकी को जल से आचमन करवाया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने धार्मिक कथा का श्रवण किया। कथा के समापन पर विधि-विधान से आरती की गई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इसके बाद झांकी को पुनः जोहड़ से ठाकुरजी मंदिर की ओर रवाना किया गया। वापसी के दौरान भी गांव के प्रमुख मार्गों पर भक्ति का वही उत्साह देखने को मिला।
श्रद्धालु शंख बजाते हुए और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाते हुए झांकी के साथ चलते रहे। रास्ते में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने श्रद्धापूर्वक झांकी के नीचे से निकलकर भगवान का आशीर्वाद लिया। आयोजन में मालचंद शर्मा, मनीष शर्मा, कपिल, सिद्धार्थ, मयंक, नवीन और सुरेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान सिहोड़गढ़ गांव भक्ति, आस्था और श्रद्धा के रंग में सराबोर नजर आया। शोभायात्रा ने गांव में धार्मिक उल्लास और सामाजिक एकजुटता का वातावरण बना दिया।

















