सर्किट हाउस में बैठक लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
चूरू। भीषण गर्मी के बीच शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में पानी एवं बिजली संकट को लेकर विधायक हरलाल सहारण ने शुक्रवार को सर्किट हाउस में अधिकारियों की बैठक लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग और जोधपुर विद्युत वितरण निगम के अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए गए।बैठक के दौरान विधायक हरलाल सहारण ने अधिकारियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि प्रत्येक नागरिक को पर्याप्त पानी और निर्बाध बिजली उपलब्ध हो तथा इसमें कोताही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।अधिकारियों ने बैठक में बताया कि हाल ही में आए तेज अंधड़ के कारण करीब 500 बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे कई क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित हुई। वहीं नहरबंदी के चलते जलापूर्ति भी प्रभावित रही।इस पर विधायक हरलाल सहारण ने अधिकारियों को जल्द से जल्द व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने बिजली विभाग के एमडी और जलदाय विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से दूरभाष पर बात कर स्थिति से अवगत भी करवाया है। अधिकारियों ने जल्द समस्या समाधान का आश्वासन दिया।विधायक ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।बैठक में अभिषेक चोटिया, भास्कर शर्मा, सुरेश सारसत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।













