सीसीटीवी फुटेज खंगालकर खोजा पर्स की मालकिन का पता , महिला पुलिसकर्मियों की तत्परता और नेक पहल की हो रही सराहना


पिलानी । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
पुलिस की सजगता, ईमानदारी और आमजन के प्रति संवेदनशीलता की मिसाल पिलानी में देखने को मिली। नियमित गश्त के दौरान सड़क पर लावारिस मिला रूपयों और जरूरी दस्तावेजों से भरा पर्स कालिका टीम की महिला पुलिसकर्मियों ने अपनी सूझबूझ और तत्परता से उसकी मालकिन तक पहुंचा दिया। पुलिसकर्मियों ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पर्स मालिक का पता लगाकर पूरा सामान सुरक्षित लौटाया।
पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन में 8 नवंबर को कालिका टीम की महिला कांस्टेबल अनिता एवं मंजू नियमित गश्त कर रही थीं। इसी दौरान बाजार क्षेत्र की मुख्य सड़क पर उन्हें एक पर्स लावारिस हालत में पड़ा मिला। पर्स की जांच करने पर उसमें नकदी, आवश्यक दस्तावेज और अन्य निजी सामान मिला। महिला पुलिसकर्मियों ने पर्स को उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाने के लिए तत्काल प्रयास शुरू किए।
टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक मोटरसाइकिल को चिन्हित किया गया। इसके बाद मोटरसाइकिल के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक का पता और संपर्क सूत्र हासिल किए गए। आवश्यक सत्यापन के बाद पर्स की मालकिन संतोष पत्नी प्रसादाराम, निवासी धींधवा बिचला, थाना पिलानी को थाने बुलाकर पर्स में रखी नकदी, दस्तावेज और समस्त सामान सुरक्षित सुपुर्द कर दिया गया।
अपना खोया हुआ पर्स और उसमें रखी नकदी व जरूरी सामान सुरक्षित वापस पाकर संतोष ने कालिका टीम की तत्परता एवं ईमानदारी की सराहना करते हुए पुलिसकर्मियों का आभार व्यक्त किया। कालिका टीम की इस सराहनीय पहल ने पुलिस के ध्येय ‘आमजन में विश्वास और अपराधियों में डर’ को सार्थक किया है। महिला पुलिसकर्मियों की ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा ने यह संदेश दिया कि पुलिस की जिम्मेदारी कानून-व्यवस्था तक ही सीमित नहीं, बल्कि आमजन की सहायता और विश्वास कायम करना भी उनकी प्राथमिकता है।
















