मोजासिया चौक से शुरू हुआ बाजार भ्रमण, गढ़ चौराहा, सफेद घंटाघर होते हुए पहुंचे सुभाष चौक; निभाई वर्षों पुराने रिश्तों को निभाने की परंपरा


चूरू। दीपावली के पावन अवसर पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ और विधायक हरलाल सहारण रविवार को समर्थकों एवं कार्यकर्ताओं के साथ शहर के प्रमुख बाजारों में पहुंचे। दोनों नेताओं ने व्यापारियों, दुकानदारों और आमजन से मुलाकात कर रामाश्यामा की परंपरा निभाई और दीपावली की शुभकामनाएं दीं। बाजार में जगह-जगह लोगों ने उनका स्वागत किया और उनसे मुलाकात की।
मोजासिया चौक से शुरू हुआ बाजार भ्रमण
रामाश्यामा कार्यक्रम की शुरुआत मोजासिया चौक से हुई। यहां से दोनों नेता गढ़ चौराहा और सफेद घंटाघर होते हुए सुभाष चौक पहुंचे। बाजार भ्रमण के दौरान विभिन्न स्थानों पर व्यापारियों और आमजन ने उनसे मुलाकात की। इस दौरान आपसी मेल-मिलाप और दीपावली की शुभकामनाओं का सिलसिला चलता रहा।
वर्षों पुराने रिश्तों को निभाने की परंपरा
पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि जिन लोगों के साथ वर्षों पुराने रिश्ते हैं, उनके बीच दीपावली पर पहुंचकर रामाश्यामा करना उनकी परंपरा रही है। इसी परंपरा के तहत वे विधायक हरलाल सहारण के साथ शहर के बाजार में पहुंचे हैं।राठौड़ ने नगर परिषद की ओर से दीपावली पर करवाई गई रोशनी और सजावट का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि नवनिर्वाचित सभापति विनय गोयनका के नेतृत्व में शहर के सौंदर्यीकरण के कार्य करवाए जा रहे हैं। बाजार को अतिक्रमण मुक्त करवाने के साथ दीपावली पर आकर्षक ढंग से सजाया गया है।
विधायक हरलाल सहारण ने कहा कि दीपावली आपसी प्रेम, सौहार्द और सामाजिक एकता का पर्व है। त्योहार की सार्थकता तभी है, जब समाज के हर वर्ग और जरूरतमंद लोगों को भी इसमें शामिल किया जाए। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष बसंत शर्मा, डॉ. वासुदेव चावला सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।


















