Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं वर्दी के फर्ज के साथ मानवता का फर्ज निभा रहे झुंझुनूं एसपी...

वर्दी के फर्ज के साथ मानवता का फर्ज निभा रहे झुंझुनूं एसपी कावेंद्र सिंह सागर

 पुलिस परिवार के बच्चों के चेहरों पर बिखेरी दीपावली की मुस्कान, रिजर्व पुलिस लाइन में बच्चों को मिठाई और ग्रीन पटाखे बांटे, पुलिस कार्मिकों के साथ भी साझा की त्योहार की खुशियां , झुंझुनूं एसपी कावेंद्र सिंह सागर की संवेदनशील पहल बनी चर्चा का विषय


झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
पुलिस की पहचान आमतौर पर कानून -व्यवस्था, अनुशासन और सुरक्षा की जिम्मेदारी से जुड़ी होती है, लेकिन जब पुलिस का मुखिया अपने व्यस्त दायित्वों के बीच मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता देते हुए पुलिस परिवार के बीच पहुंचता है तो यह पहल एक अलग संदेश देती है। दीपावली के पावन पर्व पर झुंझुनूं के पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने ऐसी ही संवेदनशीलता और आत्मीयता का परिचय देते हुए रिजर्व पुलिस लाइन में बच्चों एवं पुलिस कार्मिकों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं।

एसपी कावेंद्र सिंह सागर की इस अभिनव एवं सराहनीय पहल के तहत पुलिस लाइन में बच्चों को मिठाई एवं ग्रीन पटाखे वितरित किए गए। मिठाई और पटाखे पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी झलक उठी। वहीं पुलिस अधीक्षक ने पुलिस कार्मिकों को भी मिठाई वितरित कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी के सुख, समृद्धि, खुशहाली और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। झुंझुनूं एसपी कावेंद्र सिंह सागर की इस पहल के पीछे पुलिस के मानवीय चेहरे को सामने लाने का भाव भी नजर आया।

दरअसल, त्योहारों पर पुलिसकर्मी आमजन की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाते हुए अपनी ड्यूटी में जुटे रहते हैं। ऐसे में पुलिस परिवार के बच्चों और कार्मिकों के बीच पहुंचकर उनके साथ खुशियां बांटना उनके मनोबल को बढ़ाने और पुलिस परिवार में अपनत्व की भावना मजबूत करने वाला कदम है। यह पहल संदेश देती है कि पुलिस केवल वर्दी, अनुशासन और कानून का प्रतीक नहीं, बल्कि संवेदनशीलता, सेवा, सहयोग और मानवीय मूल्यों की भी पहचान है।

एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने अपने इस व्यवहार से पुलिसिंग के मानवीय पक्ष को रेखांकित करते हुए यह जताया कि खुशियां बांटने के लिए बड़े आयोजन नहीं, बल्कि आत्मीयता और संवेदनशील सोच जरूरी होती है। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेंद्र सिंह राजावत, वृताधिकारी झुंझुनूं शहर गोपाल सिंह ढाका तथा कोतवाली थानाधिकारी श्रवण कुमार मील सहित पुलिस अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

Advertisement