13 साल बाद कानून के शिकंजे में आया फरार वारंटी, मलसीसर पुलिस ने अजय को दबोचा

धोखाधड़ी प्रकरण में न्यायालय से जारी स्थायी गिरफ्तारी वारंट पर थी तलाश, विशेष टीम ने की कार्रवाई

मलसीसर । झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
जिले में फरार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मलसीसर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब 13 वर्षों से फरार चल रहे मफरूर स्थायी गिरफ्तारी वारंटी अजय को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी धोखाधड़ी के एक प्रकरण में वांछित था तथा उसके खिलाफ माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट, झुंझुनूं द्वारा स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर (आईपीएस) के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत (आरपीएस) के मार्गदर्शन तथा वृताधिकारी झुंझुनूं ग्रामीण हरिसिंह धायल के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस थाना मलसीसर के थानाधिकारी डॉ. महेन्द्र कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी एवं गोपनीय सूचनाओं के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार वारंटी अजय पुत्र स्वर्गीय रामअवतार (54 वर्ष) मूल रूप से मुंबई और दिल्ली के विभिन्न पतों पर निवास कर रहा था तथा पिछले 13 वर्षों से गिरफ्तारी से बचता फिर रहा था। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार प्रयासरत थी। विशेष टीम ने साइबर तकनीक और मुखबिर तंत्र की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार अपराधियों एवं वारंटियों के खिलाफ अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा तथा कानून से बचने का प्रयास करने वाले आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।कार्रवाई में डॉ. महेन्द्र कुमार, पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी, मलसीसर , अजीत सिंह, हेड कांस्टेबल , जितेन्द्र सिंह ठाकण, हेड कांस्टेबल, साइबर सेल झुंझुनूं (विशेष भूमिका) , मकेश कुमार, कांस्टेबल , अमित कुमार, कांस्टेबल, जिला स्पेशल टीम , गौतम कुमार, कांस्टेबल, जिला स्पेशल टीम से शामिल रहें । 13 वर्षों से फरार वारंटी की गिरफ्तारी को मलसीसर पुलिस की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे न्यायिक प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।