एआईसीसी सदस्य ने सुभाष चौक से शुरू किया बाजार भ्रमण, व्यापारियों और आमजन से की मुलाकात; गढ़ बालाजी मंदिर में दर्शन कर नवाया शीश
चूरू। दीपावली के अवसर पर पूर्व मंत्री हमीदा बेगम के पुत्र एवं एआईसीसी सदस्य तनवीर खान ने रविवार शाम पहली बार शहर के मुख्य बाजार में पहुंचकर व्यापारियों, दुकानदारों और आमजन से रामाश्यामा की। उनके इस बाजार भ्रमण में जहां दीपावली की परंपरागत शुभकामनाओं और मेल-मिलाप का माहौल नजर आया, वहीं इसे राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना गया।
सुभाष चौक से शुरू किया बाजार भ्रमण
तनवीर खान ने अपनी मुलाकातों की शुरुआत सुभाष चौक से की। यहां चाय की दुकान पर पहुंचने पर दुकानदार ने उनका साफा और माला पहनाकर स्वागत किया तथा उन्हें चाय भी पिलाई। इसके बाद वे सफेद घंटाघर, गढ़ चौराहा और मोजासिया चौक सहित बाजार के विभिन्न स्थानों पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों, दुकानदारों और आम नागरिकों से मुलाकात कर दीपावली की रामाश्यामा की। कई जगह लोगों ने साफा पहनाकर उनका स्वागत किया। खान ने फुटपाथ पर बैठी एक महिला से खरीदारी भी की। बाजार भ्रमण के दौरान वे गढ़ बालाजी मंदिर पहुंचे और भगवान के दर्शन कर शीश नवाया।
मां की राजनीतिक शुरुआत से जुड़ा है सुभाष चौक
इस अवसर पर तनवीर खान ने कहा कि उन्होंने सुभाष चौक से रामाश्यामा की शुरुआत इसलिए की, क्योंकि इसी स्थान से उनकी मां एवं पूर्व मंत्री हमीदा बेगम ने चुनावी कार्यालय खोलकर अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत की थी।आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर तनवीर खान ने दावा किया कि वे कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि दीपावली रोशनी, खुशी और आपसी प्रेम का त्योहार है। यह मतभेद भुलाकर प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। चूरू की गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक सौहार्द इसकी पहचान है। इस दौरान रौनक शर्मा, आसिफ खान, अली हसन, पीयूष शर्मा, दीपक व्यास, योगेश व्यास, बाबू शब्बीर खान और प्यारेलाल बगड़िया सहित कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।


















