पीडीयू मेडिकल कॉलेज परिसर का किया निरीक्षण, आधुनिक सुविधाओं को लेकर दिए निर्देश
चूरू। पीडीयू मेडिकल कॉलेज परिसर में निर्माणाधीन 400 बेडेड हॉस्पिटल भवन का शुक्रवार को सांसद राहुल कस्वा ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। सांसद कस्वा ने अस्पताल भवन में विकसित की जा रही आधुनिक सुविधाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान राहुल कसवा ने अधिकारियों से कहा कि यह परियोजना जिले और आसपास के क्षेत्रों की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे में निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जानकारी के अनुसार अस्पताल भवन का हैंडओवर फरवरी 2025 तक प्रस्तावित था, लेकिन कार्य की धीमी प्रगति के कारण अब इसके 31 अगस्त 2026 तक पूर्ण होने की संभावना जताई जा रही है। सांसद ने कहा कि अस्पताल में मरीजों को अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि मॉडर्न ऑपरेशन थिएटर के लिए जर्मनी से अत्याधुनिक ओटी कंप्रेसर मंगवाने की योजना है, जिससे बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित हो सकेंगी।सांसद राहुल कस्वा ने भरोसा दिलाया कि निर्माण कार्य में आ रही कमियों और देरी के संबंध में वे केंद्रीय मंत्री से मुलाकात कर आवश्यक सुधार करवाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि 400 बेडेड हॉस्पिटल शुरू होने के बाद जिले सहित आसपास के इलाकों की जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा।













