राणासर, घांघू, लाखाऊ, लादड़िया सहित कई गांवों में ग्रामीणों से किया संवाद; भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में मतदान की अपील

चूरू। आगामी जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में गुरुवार को पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ और विधायक हरलाल सहारण ने जिले के विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से संवाद किया और भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में मतदान करने की अपील की।
कई गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से किया संवाद
जनसंपर्क कार्यक्रम के तहत राजेन्द्र राठौड़ और विधायक हरलाल सहारण ने राणासर, दांदू, घांघू, श्योदानपुरा, लाखाऊ, लादड़िया, बाढ़की, सिरसला, लोहसणा बड़ा, लोहसणा छोटा और दूधवाखारा सहित विभिन्न गांवों में ग्रामीणों से मुलाकात की।इस दौरान जगह-जगह ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने नेताओं का स्वागत किया। चौपाल सभाओं में ग्रामीणों ने क्षेत्र की समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की।
गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता : राठौड़
पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने कहा कि जिला परिषद और पंचायत समिति के चुनाव ग्रामीण क्षेत्रों के विकास की दिशा तय करने वाले महत्वपूर्ण चुनाव हैं। गांवों में सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, चिकित्सा और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकता होनी चाहिए।उन्होंने कहा कि भाजपा ने विकास, सुशासन और जनकल्याण को प्राथमिकता दी है। राठौड़ ने ग्रामीणों से भाजपा प्रत्याशियों को समर्थन देकर क्षेत्र के विकास को गति देने का आह्वान किया।
गांवों का सर्वांगीण विकास भाजपा की प्राथमिकता : सहारण
विधायक हरलाल सहारण ने कहा कि भाजपा की प्राथमिकता गांवों का सर्वांगीण विकास और आमजन की समस्याओं का समाधान करना है। केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में मजबूत स्थानीय जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।उन्होंने कहा कि ग्रामीणों का सहयोग और विश्वास ही विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की ताकत है। सहारण ने ग्रामीणों से भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में एकजुट होकर समर्थन देने की अपील की।
भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
जनसंपर्क कार्यक्रम में चंद्राराम गुरी, अभिषेक चोटिया, राधेश्याम चोटिया, सत्तार खान चायल, उत्तम सिंह लोहसणा बड़ा, चेतराम सहारण, सुनीता रणवीर कस्वां, किरण कंवर, सोहनलाल, राजेश तेतरवाल, महावीर सिंह राठौड़ दूधवाखारा, अनिता तंवर और राकेश तालनिया सहित भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।















