Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं राज्य स्तरीय बॉक्सिंग में प्रिंस स्कूल का दमदार प्रदर्शन , रोहित ने...

राज्य स्तरीय बॉक्सिंग में प्रिंस स्कूल का दमदार प्रदर्शन , रोहित ने जीता स्वर्ण तो कनिष्क ने कांस्य पदक पर जमाया कब्जा

राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाले प्रिंस इंटरनेशनल स्कूल झुंझुनूं के रोहित और कांस्य पदक विजेता कनिष्क

लगातार तीन वर्षों से चैंपियन रोहित का राष्ट्रीय स्कूल बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए चयन , इंफाल में दिखाएंगे दमखम

झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में प्रिंस इंटरनेशनल स्कूल, झुंझुनूं के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का गौरव बढ़ाया। अजमेर जिले के सरवाड़ में 1 से 7 अक्टूबर तक आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय विद्यालय बॉक्सिंग खेल प्रतियोगिता में स्कूल के रोहित ने 48 से 50 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया, जबकि कनिष्क ने 52 से 54 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल कर विद्यालय का मान बढ़ाया।

रोहित की इस उपलब्धि के साथ ही उनका चयन राष्ट्रीय स्कूल बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ है। शिक्षा विभाग बीकानेर के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस प्रतियोगिता में राजस्थान के 42 जिलों के 2000 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रिंस इंटरनेशनल स्कूल के 15 विद्यार्थियों का चयन जिला टीम में हुआ था। इन खिलाड़ियों ने झुंझुनूं जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए बॉक्सिंग रिंग में अपनी खेल प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन किया।लगातार तीन साल से चैंपियन , अब राष्ट्रीय स्तर पर चुनौती – रोहित की सफलता इसलिए भी खास है कि वे लगातार तीन वर्षों से चैंपियन रहे हैं।

अपनी मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास के दम पर उन्होंने एक बार फिर राज्य स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। अब वे स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित राष्ट्रीय स्कूल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगे। राष्ट्रीय प्रतियोगिता मणिपुर की राजधानी इंफाल में आयोजित होगी। रोहित के राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।

प्रिंस इंटरनेशनल ग्रुप ऑफ स्कूल्स के चेयरमैन डॉ. जी.एल. कालेर ने पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और संघर्ष की भावना विकसित करते हैं। रोहित की उपलब्धि दूसरे विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी रोहित से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई। संस्थान के निदेशक निर्मल कालेर ने कहा कि विद्यालय में पढ़ाई के साथ-साथ खेलों को भी समान महत्व दिया जाता है।

विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा को निखारने के लिए नियमित प्रशिक्षण और हरसंभव सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को खेलों में आगे बढ़ने के लिए भविष्य में भी प्रोत्साहित किया जाता रहेगा। इस अवसर पर संस्थान के एकेडमिक डायरेक्टर समीर शर्मा, प्रिंसिपल डॉ. अनिता पंत शर्मा, महेंद्र सैनी, कोच संदीप योगी सहित समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने पदक विजेता खिलाड़ियों, उनके प्रशिक्षकों और अभिभावकों को बधाई देते हुए रोहित को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

Advertisement