Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं बेटी से मिलने आए पिता की पीट-पीटकर हत्या , दामाद, समधी और...

बेटी से मिलने आए पिता की पीट-पीटकर हत्या , दामाद, समधी और पोता गिरफ्तार

चिड़ावा में सुरेश कुमार हत्याकांड के मामले में गिरफ्तार दामाद होशियार सिंह, समधी मदरूप सिंह और जसवीर सिंह

चिड़ावा में लाठी, कुल्हाड़ी और कस्सी से किया था जानलेवा हमला, पारिवारिक मनमुटाव के चलते किराये के मकान में रह रही थी बेटी, बातचीत करने पहुंचे पिता पर किया हमला

सूरजगढ़।झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
बेटी से मिलने और पारिवारिक विवाद सुलझाने की उम्मीद लेकर आए पिता को अपनी जान गंवानी पड़ी। चिड़ावा में हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड में सूरजगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मृतक का दामाद होशियार सिंह, समधी मदरूप सिंह और दूसरा बेटा जसवीर सिंह शामिल हैं। आरोप है कि तीनों ने मिलकर सुरेश कुमार पर लाठी, झंडा, कुल्हाड़ी और कस्सी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया था।

गंभीर रूप से घायल सुरेश कुमार को बीडीके अस्पताल झुंझुनूं पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार हरियाणा के रूदड़ोल निवासी अमित कुमार ने 23 नवंबर को रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उसकी बहन मोनू पिछले कुछ समय से ससुराल पक्ष से मनमुटाव के चलते चिड़ावा में किराये के मकान में रह रही थी। 22 नवंबर को उसके पिता सुरेश कुमार बेटी का हालचाल जानने और उससे मिलने चिड़ावा आए थे।

बेटी से मुलाकात के बाद पिता पारिवारिक विवाद को लेकर बेटी के ससुर मदरूप सिंह और पति होशियार सिंह से बातचीत करने के लिए उनके निवास पर पहुंचे। उनके साथ नाती वियान और भतीजा अर्जुन भी स्कूटी पर थे। परिवादी की रिपोर्ट के मुताबिक, जैसे ही सुरेश कुमार मकान के मुख्य द्वार पर आम रास्ते में पहुंचे, वहां मौजूद मदरूप सिंह, होशियार सिंह और जसवीर सिंह ने उन पर लाठी, झंडा, कुल्हाड़ी और कस्सी से हमला कर दिया।

हमले में सुरेश कुमार गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। उन्हें तत्काल बीडीके अस्पताल झुंझुनूं ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया।

एसपी के निर्देशन में गठित टीम ने तीन दिन में दबोचे आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए झुंझुनूं जिला पुलिस अधीक्षक झुंझुनूं कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृताधिकारी चिड़ावा गौरव गुर्जर के सुपरविजन में सूरजगढ़ थानाधिकारी कानाराम उपनिरीक्षक के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। घटना की सूचना मिलते ही थानाधिकारी पुलिस टीम के साथ बीडीके अस्पताल पहुंचे और मृतक का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए।

गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए 25 नवंबर को तीनों आरोपियों को डिटेन कर पूछताछ की। अपराध प्रमाणित पाए जाने पर होशियार सिंह, जसवीर सिंह और मदरूप सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर प्रकरण में आगे का अनुसंधान कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों में होशियार सिंह (37) पुत्र मदरूप सिंह, निवासी मनोहरपुरा, थाना बुहाना, हाल निवासी शांति नगर, गली नंबर 4, सूरजगढ़ बाईपास रोड, सेही कलां। जसवीर सिंह (35) पुत्र मदरूप सिंह, निवासी मनोहरपुरा, थाना बुहाना, हाल निवासी शांति नगर, गली नंबर 4, सूरजगढ़ बाईपास रोड, सेही कलां और मदरूप सिंह (64) पुत्र गुरूदयाल राम, निवासी मनोहरपुरा, थाना बुहाना, हाल निवासी शांति नगर, गली नंबर 4, सूरजगढ़ बाईपास रोड, सेही कलां शामिल है। कार्रवाई करने वाली टीम में सूरजगढ़ थानाधिकारी कानाराम उपनिरीक्षक , वीरेंद्र सिंह सहायक उपनिरीक्षक , महेंद्र सिंह हेड कांस्टेबल , महेश कुमार कांस्टेबल , श्रीराम कांस्टेबल , राजेश कांस्टेबल और मयंक कांस्टेबल शामिल रहे।

Advertisement