दीपावली पर बाजार को रोशन करने की तैयारी, सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध और निराश्रित पशुओं की रोकथाम पर भी बनी सहमति
झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
शहर की सफाई व्यवस्था दुरूस्त करने, बाजार को अतिक्रमण मुक्त बनाने और सौंदर्यकरण को बढ़ावा देने के लिए नगर पालिका प्रशासन एवं व्यापार मंडल ने सख्ती के साथ कदम उठाने का निर्णय लिया है। खेतड़ी नगर पालिका परिसर में पालिकाध्यक्ष गीता देवी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में स्वच्छता, अतिक्रमण, सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध, निराश्रित पशुओं की रोकथाम और दीपावली पर बाजार की रोशनी व्यवस्था सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। हर दुकान के बाहर रखना होगा 20 लीटर का कचरा पात्र – बैठक में स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए सभी दुकानदारों को अपनी दुकानों एवं प्रतिष्ठानों के बाहर 20 लीटर क्षमता का कचरा पात्र रखना अनिवार्य करने का निर्णय लिया गया। स्वच्छ भारत मिशन के तहत दुकानदारों को अपने खर्च पर कचरा पात्र रखने तथा निर्धारित नियमों की पालना करनी होगी।
नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माना लगाने के साथ वसूली की कार्रवाई भी की जाएगी। पालिकाध्यक्ष गीता देवी ने व्यापारियों से शहर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने में सक्रिय सहयोग करने की अपील की। व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष सुधीर गुप्ता ने मुख्य बाजार में लगने वाली रेहड़ियों एवं ठेलों के लिए निर्धारित स्थान तय करने का सुझाव दिया, ताकि बाजार में आवागमन बाधित नहीं हो और आमजन को परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस पर कोतवाली दरवाजे से मुख्य बाजार तथा मां बाराही देवी मंदिर के सामने से पंचायत समिति दरवाजे तक मुख्य सड़क पर दुकानदारों की ओर से रखे सामान को तत्काल हटाने का निर्णय लिया गया। आदेशों की अवहेलना करने वालों से जुर्माना वसूलने पर भी सहमति बनी। बैठक में दीपावली पर्व को देखते हुए मुख्य बाजार में रोशनी की व्यवस्था बेहतर बनाने तथा हाईमास्ट लाइट की व्यवस्था सुधारने की मांग उठाई गई।
नगर पालिका एवं व्यापार मंडल के आर्थिक सहयोग से शहर का सौंदर्यकरण करवाने पर भी चर्चा हुई। व्यापारियों और पालिका प्रशासन के समन्वय से बाजार को अधिक स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने पर जोर दिया गया। बैठक में सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। व्यापारियों से प्लास्टिक थैलियों के स्थान पर कागज के लिफाफे तथा कपड़े और जूट के थैलों का उपयोग करने की अपील की गई। प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग करने वालों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही नगर पालिका कर्मचारियों को निर्धारित वर्दी में कार्य करने के लिए पाबंद करने तथा शहर में निराश्रित पशुओं की समस्या पर नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाने पर भी सहमति बनी। बैठक में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी नागरमल गुर्जर, वरिष्ठ सहायक संदीप कुमार शर्मा, व्यापार मंडल अध्यक्ष नवल किशोर पारीक, उपाध्यक्ष सुधीर गुप्ता, लीलाधर सैनी, एसआई सुनील सैनी, अशोक कुमार, पार्षद विजेश कुमार, प्रवीण परिवाला, मुकेश पपुरनिया, हनुमान प्रसाद सैनी, धर्मराज, दीपक, बुलाराम सैनी, ललित सहित अनेक लोग मौजूद रहे।












