Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं 36 घंटे में मेरठ से सकुशल बरामद हुआ गुमशुदा नाबालिग, चिड़ावा पुलिस...

36 घंटे में मेरठ से सकुशल बरामद हुआ गुमशुदा नाबालिग, चिड़ावा पुलिस की त्वरित कार्रवाई रंग लाई

झुंझुनूं नगर निकाय चुनाव 2026 में मतदान को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी की अपील

250 सीसीटीवी फुटेज खंगाले, साइबर टीम की मदद से मिली सफलता, बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश कर परिजनों को सौंपा गया बालक

चिड़ावा । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
चिडावा कस्बे से लापता हुए 15 वर्षीय नाबालिग बालक को चिड़ावा पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से सकुशल दस्तयाब कर एक बार फिर अपनी तत्परता और दक्षता का परिचय दिया है। इस सफलता में पुलिस की विशेष टीम और साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस के अनुसार नाबालिग बालक 17 जून की दोपहर करीब 3 बजे घर से बाल कटवाने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर चिड़ावा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृताधिकारी विकास धींधवाल के सुपरविजन में थानाधिकारी राजेन्द्र कुमार मीणा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने नाबालिग की तलाश के लिए युद्धस्तर पर अभियान चलाते हुए चिड़ावा और आसपास के क्षेत्रों में लगे करीब 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया तथा साइबर सेल की तकनीकी सहायता लेकर लगातार साक्ष्य जुटाए गए। गहन जांच और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस टीम ने नाबालिग की लोकेशन मेरठ (उत्तर प्रदेश) में ट्रेस कर उसे सुरक्षित बरामद कर लिया। दस्तयाब किए गए बालक को नियमानुसार बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया, जहां आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बेटे के सकुशल मिलने पर परिजनों ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। नाबालिग की तलाश में साइबर सेल ने तकनीकी विश्लेषण और लोकेशन ट्रैकिंग के माध्यम से महत्वपूर्ण सुराग उपलब्ध कराए, जिससे पुलिस को कम समय में सफलता हासिल हुई। गठित टीम में शामिल थानाधिकारी राजेन्द्र कुमार मीणा, उपनिरीक्षक कैलाश चन्द्र, सहायक उपनिरीक्षक ओमप्रकाश सिंह, साइबर सेल के हेड कांस्टेबल जितेन्द्र ठाकन, कांस्टेबल विकास डारा, बाबूलाल तथा तकनीकी सहायक अंकित कुमार ने संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आमजन की सुरक्षा और गुमशुदा व्यक्तियों की शीघ्र तलाश पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा भविष्य में भी ऐसे मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।

Advertisement