मेहाड़ा-शिमला-रंवा मार्ग पर जानलेवा साबित हो सकते हैं बिजली के पोल , शिकायतों के बावजूद नहीं हुई शिफ्टिंग
खेतड़ी। झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
सड़क का नवनिर्माण और चौड़ाई बढ़ाने का काम तो तेजी से चल रहा है, लेकिन सड़क के बीचोंबीच खड़े बिजली के पोल अब राहगीरों और वाहन चालकों की जान के लिए खतरा बन गए हैं। मेहाड़ा से शिमला होते हुए रंवा तक बन रही सड़क पर दूधवा से रंवा के बीच करीब 25 से 30 बिजली के पोल मुख्य सड़क के बीचोंबीच आ गए हैं।
हैरानी की बात यह है कि सड़क निर्माण कार्य आगे बढ़ रहा है, लेकिन बिजली विभाग इन पोल को हटाकर किनारे शिफ्ट करने की सुध नहीं ले रहा। ऐसे में विकास की राह पर खड़े ये बिजली के पोल कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। सड़क की चौड़ाई बढ़ने और नवनिर्माण के बाद पहले किनारे स्थित बिजली के पोल अब सड़क के बीचोंबीच आ गए हैं। वाहन चालकों को इनसे बचकर निकलने के लिए अचानक दिशा बदलनी पड़ती है।
इससे सामने से आने वाले वाहनों के साथ टक्कर होने और वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना हुआ है। विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों और इस मार्ग से पहली बार गुजरने वाले लोगों के लिए ये पोल बड़ी मुसीबत बने हुए हैं।
रात में जानलेवा बन सकते हैं बीच सड़क पर खड़े पोल
दिन के उजाले में तो सड़क के बीच खड़े पोल दिखाई दे जाते हैं, लेकिन रात के अंधेरे में इनकी मौजूदगी वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। तेज रफ्तार से आने वाले वाहन चालकों को अचानक सामने पोल दिखाई देने पर संभलने का मौका तक नहीं मिल सकता। ऐसे में जरा सी चूक किसी बड़े हादसे में तब्दील हो सकती है।
ग्रामीणों का कहना है कि जब सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है तो बिजली के पोल को समय रहते शिफ्ट करवाना भी संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है। ग्रामीणों के अनुसार सड़क के बीचोंबीच खड़े बिजली के पोल हटवाने के लिए कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
लोगों का सवाल है कि जब सड़क का नवनिर्माण हो रहा है और कार्य काफी आगे बढ़ चुका है तो बिजली विभाग अब तक पोल शिफ्टिंग की कार्रवाई क्यों नहीं कर पाया? क्या विभाग किसी बड़े हादसे के बाद ही जागेगा?
ग्रामीणों ने संबंधित बिजली विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि दूधवा से रंवा तक सड़क के बीच आ रहे सभी बिजली के पोल को तत्काल प्रभाव से हटवाकर सड़क के सुरक्षित किनारों पर शिफ्ट किया जाए।साथ ही, जब तक पोल नहीं हटाए जाते, तब तक इनके आसपास पर्याप्त चेतावनी संकेतक और रात्रिकालीन रिफ्लेक्टर लगाए जाएं, ताकि किसी अनहोनी को रोका जा सके।
















