हनुमानगढ़ जिले के तीन पदाधिकारियों ने महाराष्ट्र में लिया प्रशिक्षण, अब किसानों के बीच करेंगे जैविक खेती का प्रचार-प्रसार
हनुमानगढ़। जगराज गौड़
भारतीय किसान संघ के कार्यकर्ताओं ने महाराष्ट्र के परभणी स्थित वसंतराव नाईक मराठवाड़ा कृषि विद्यापीठ में आयोजित गो आधारित जैविक खेती की कार्यशाला में प्रशिक्षण प्राप्त किया। 24 एवं 25 नवंबर को आयोजित इस तीन दिवसीय कार्यशाला में देशभर से भारतीय किसान संघ के गो आधारित जैविक खेती से जुड़े पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इसमें जैविक कृषि की विभिन्न तकनीकों और अनुभवों की जानकारी दी गई।
कार्यशाला में भारतीय किसान संघ के अखिल भारतीय अध्यक्ष के. साईं रेड्डी सहित संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं गो आधारित जैविक खेती के विशेषज्ञों ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। प्रशिक्षण के दौरान गो आधारित प्राकृतिक एवं जैविक कृषि पद्धतियों, भूमि की उर्वरा शक्ति बनाए रखने तथा रासायनिक खादों पर निर्भरता कम करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई।
जिले के तीन पदाधिकारियों ने लिया प्रशिक्षण
भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह सूडा ने बताया कि अखिल भारतीय कार्यशाला में हनुमानगढ़ जिले से तीन पदाधिकारियों ने भाग लिया। इनमें जिला जैविक प्रमुख हरविंदर सिंह बराड़, रावतसर तहसील जैविक प्रमुख शिव कुमार पुरोहित तथा खुइयां तहसील जैविक प्रमुख महीपाल स्वामी शामिल रहे। तीनों पदाधिकारी प्रशिक्षण और विशेषज्ञों का मार्गदर्शन प्राप्त कर वापस लौटे हैं।
सूडा ने कहा कि भारतीय किसान संघ किसानों को जैविक खेती अपनाने के लिए लगातार जागरूक और प्रेरित कर रहा है। रासायनिक खादों के अत्यधिक उपयोग से मिट्टी की गुणवत्ता और उर्वरा शक्ति प्रभावित होने की चिंता के बीच किसानों को धीरे-धीरे जैविक खेती की ओर आगे बढ़ना होगा। गो आधारित जैविक खेती खेती की लागत और रासायनिक निर्भरता कम करने के साथ भूमि की सेहत बनाए रखने में भी सहायक हो सकती है।
तहसील स्तर पर कार्यशालाएं आयोजित करने की तैयारी
जिलाध्यक्ष ने बताया कि कार्यशाला से प्रशिक्षण प्राप्त कर लौटे पदाधिकारियों के अनुभवों और तकनीकी जानकारियों का लाभ अब जिले के किसानों तक पहुंचाया जाएगा। जिला संगठन जैविक खेती के प्रचार-प्रसार के लिए इन पदाधिकारियों के अनुभवों का उपयोग करेगा। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही हनुमानगढ़ जिले में तहसील स्तर पर गो आधारित जैविक खेती की कार्यशालाएं आयोजित करने पर विचार किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक किसान इन तकनीकों को समझकर अपने खेतों में अपना सकें।
उन्होंने कहा कि धरती की उर्वरा शक्ति की रक्षा, किसानों की समृद्धि और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए गो आधारित जैविक खेती को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प जिले में भी आगे बढ़ाया जाएगा।


















