Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं संविधान के मूल्यों से छात्राओं को किया जागरूक , नैतिक मतदान का...

संविधान के मूल्यों से छात्राओं को किया जागरूक , नैतिक मतदान का दिलाया संकल्प

झुंझुनूं के न्यू राजस्थान बालिका पीजी महाविद्यालय में संविधान दिवस पर आयोजित जागरूकता कार्यक्रम

न्यू राजस्थान बालिका पीजी महाविद्यालय में संविधान दिवस पर आयोजन, भावी मतदाताओं को मताधिकार एवं लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों की दी जानकारी

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
शहर के गणपति नगर स्थित न्यू राजस्थान बालिका पीजी महाविद्यालय में गुरूवार को एनएसएस की दोनों इकाइयों एवं निर्वाचन साक्षरता क्लब के संयुक्त तत्वावधान में संविधान दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर छात्राओं को भारतीय संविधान के महत्व, मौलिक अधिकारों, नागरिक कर्तव्यों और लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान की भूमिका के प्रति जागरूक किया गया।संविधान दिवस पर छात्राओं को नैतिक मतदान की शपथ दिलाते महाविद्यालय के निदेशक

साथ ही युवा पीढ़ी को संवैधानिक मूल्यों को जीवन में अपनाने और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की संरक्षिका विनोद ढूकिया ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। संस्था निदेशक इंजी. प्यारेलाल ढूकिया ने छात्राओं को संबोधित करते हुए भारतीय संविधान की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है।

यह प्रत्येक नागरिक को अधिकार प्रदान करने के साथ राष्ट्र एवं समाज के प्रति कर्तव्यों का बोध भी कराता है। उन्होंने छात्राओं से संविधान में निहित आदर्शों, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक जिम्मेदारियों को अपने व्यवहार एवं जीवनशैली में आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मतदाता की जागरूकता और सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। मतदान केवल संवैधानिक अधिकार ही नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक जिम्मेदारी भी है।

प्रत्येक नागरिक को बिना किसी दबाव, प्रलोभन अथवा भेदभाव के अपने विवेक से नैतिक मतदान करना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की भावी एवं नव मतदाताओं को मतदान के अधिकार और उसके महत्व की जानकारी दी गई। विशेष रूप से 17 एवं 18 वर्ष आयु वर्ग की छात्राओं को मतदाता सूची में पंजीकरण करवाने के लिए प्रेरित किया गया तथा पंजीकरण प्रक्रिया से जुड़ी आवश्यक जानकारियां विस्तारपूर्वक प्रदान की गईं।

इस अवसर पर इंजी. प्यारेलाल ढूकिया के नेतृत्व में महाविद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्यों एवं छात्राओं ने सामूहिक रूप से भारतीय संविधान के प्रति सच्ची श्रद्धा एवं निष्ठा रखने तथा उसके मूल्यों और आदर्शों का पालन करने की शपथ ली। कार्यक्रम का सफल संचालन स्वयंसेविका ऐश्वर्या ने किया। अंत में एनएसएस प्रभारी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

Advertisement