एसबीआई रावतसर मुख्य शाखा ने प्रधानमंत्री जन सुरक्षा योजनाओं के तहत दोनों बीमा पॉलिसियों से 2-2 लाख रुपए की राशि की स्वीकृत
रावतसर । जगराज गौड़
भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की रावतसर मुख्य शाखा की पहल पर गैस हादसे में जान गंवाने वाली महिला के आश्रितों को 4 लाख रुपए का बीमा क्लेम स्वीकृत किया गया है। प्रधानमंत्री जन सुरक्षा योजनाओं के तहत मिली इस राशि से दिवंगत महिला के परिवार को आर्थिक संबल मिलेगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चक 25 एनडीआर चोहिलांवाली (वार्ड नंबर 10) निवासी लिछमा पत्नी पृथ्वीराज तरड़ 21 जून 2026 को घरेलू गैस सिलेंडर में रिसाव के कारण लगी आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई थीं। उपचार के दौरान 10 जुलाई 2026 को उनका निधन हो गया था।
स्वर्गीय लिछमा ने अपने जीवनकाल में प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) के तहत बीमा करवा रखा था। परिजनों की ओर से क्लेम के लिए आवेदन करने पर एसबीआई की रावतसर मुख्य शाखा ने दोनों योजनाओं के तहत 2-2 लाख रुपए, कुल 4 लाख रुपए की बीमा राशि स्वीकृत की।
इस अवसर पर मुख्य शाखा प्रबंधक संदीप पूनिया, उप प्रबंधक विकास पारीक, उप प्रबंधक लोकेश डारा, सहायक प्रबंधक पूनम और सीएसपी संचालक भजन लाल पंचारिया उपस्थित रहे। बैंक अधिकारियों ने आमजन से भी सरकार की इन बीमा योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।


















