सुसज्जित पालकी में विराजमान राधा-कृष्ण के श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, पुष्पवर्षा से जगह-जगह हुआ स्वागत
खेतड़ी । झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
खेतडीनगर के केसीसी के थर्ड सेक्टर स्थित हनुमान मंदिर में बालाजी सेवा समिति के तत्वावधान में राधा-कृष्ण की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। शोभायात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों और भक्ति गीतों से गूंज उठा तथा वातावरण भक्तिमय बना रहा। कार्यक्रम की शुरूआत घीसाराम अग्रवाल एवं कमला देवी की मुख्य यजमानी में हुई। पंडित सुभाष शर्मा ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना करवाई। इसके बाद भगवान राधा-कृष्ण की प्रतिमाओं को आकर्षक ढंग से सुसज्जित पालकी में विराजमान कर शोभायात्रा का शुभारंभ किया गया।
शोभायात्रा हनुमान मंदिर से रवाना होकर हाट बाजार, थर्ड सेक्टर स्थित पानी की टंकी, आदर्श विद्या मंदिर स्कूल, जगदंबा मार्केट, गोठड़ा बस स्टैंड, आजाद मार्केट, सेंट्रल मार्केट और न्यू मार्केट होते हुए सुभाष मार्केट स्थित सरस्वती मंदिर के सूर्य कुंड पहुंची। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने राधा-कृष्ण के दर्शन किए तथा पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से गूंजा क्षेत्र
शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालु ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ सहित भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। भक्ति गीतों, जयकारों और श्रद्धालुओं की आस्था से पूरे मार्ग में धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा।सूर्य कुंड पहुंचने के बाद कथा का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने कथा का श्रवण कर धर्मलाभ लिया। कथा के समापन के बाद राधा-कृष्ण की शोभायात्रा पुनः मंदिर पहुंची, जहां धार्मिक कार्यक्रम का विधिवत समापन किया गया।
आयोजन में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बालाजी सेवा समिति के पदाधिकारियों ने आयोजन में सहयोग एवं सहभागिता के लिए श्रद्धालुओं का आभार जताते हुए भविष्य में भी धार्मिक आयोजनों में इसी प्रकार बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने का आह्वान किया। इस मौके पर हरिराम गुर्जर, महेश कुमार, प्रहलाद सिंह, सीताराम टेलर, बजरंग लाल, ओमप्रकाश, केएल खत्री, सज्जन मितल, हरिश बंसल, लक्ष्मी देवी, सुगंधा, चंदा देवी, सुमित्रा, पान कंवर, सुनीता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।














