Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं झुंझुनूं महिला महाविद्यालय में NSS स्थापना दिवस, स्वच्छता-नशामुक्ति का संदेश

झुंझुनूं महिला महाविद्यालय में NSS स्थापना दिवस, स्वच्छता-नशामुक्ति का संदेश

महाविद्यालय परिसर में सफाई अभियान, नशामुक्ति क्विज और जागरूकता कार्यक्रम , छात्राओं को वृक्षारोपण व नशे से दूर रहने के लिए किया प्रेरित

झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
सेठ नेतराम मघराज टीबड़ेवाला राजकीय महिला महाविद्यालय, झुंझुनूं में गुरूवार को राष्ट्रीय सेवा योजना का स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना की तीनों इकाइयों एवं नई किरण नशा मुक्ति केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. डॉ. मनोज कुल्हार ने की। स्थापना दिवस के अवसर पर छात्राओं ने महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की तथा स्वच्छ परिसर का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला समन्वयक एवं नई किरण नशा मुक्ति केंद्र के संयोजक डॉ. शशि प्रकाश ने छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम अधिकारी जगदीश कुमार के निर्देशन में नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में चमन प्रकाश ने प्रथम, नायरा ने द्वितीय तथा वंशिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। राष्ट्रीय सेवा योजना यूनिट-3 की कार्यक्रम अधिकारी सुनीता कुमारी ने छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी जरूरी है। उन्होंने छात्राओं को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम अधिकारी कल्पना जानू ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों एवं महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एनएसएस विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और सामुदायिक सहभागिता की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। कार्यक्रम का मंच संचालन कार्यक्रम अधिकारी सुनीता कुमारी ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय की छात्राओं के साथ राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेविकाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता, नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा का संदेश दिया गया।

झुंझुनूं महिला महाविद्यालय में NSS अभिविन्यास कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटकों से जागरूकता

Advertisement