Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं 15 नवंबर को होगा अल कुरैश वेलफेयर सोसायटी का 11वां जिला स्तरीय...

15 नवंबर को होगा अल कुरैश वेलफेयर सोसायटी का 11वां जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह

झुंझुनूं में अल कुरैश वेलफेयर सोसायटी के 11वें जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह की जानकारी देते सोसायटी पदाधिकारी

मेधावी विद्यार्थियों के साथ नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का भी होगा सम्मान , 9 नवंबर तक कर सकेंगे आवेदन


झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
अल कुरैश वेलफेयर सोसायटी (रजिस्टर्ड), झुंझुनूं की ओर से 11वां जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह 15 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। समारोह का आयोजन इंदिरा नगर स्थित सामुदायिक विकास भवन में सुबह 10 बजे होगा। इसमें झुंझुनूं जिले की कुरैश समाज की शैक्षणिक, व्यावसायिक एवं सामाजिक क्षेत्र में प्रतिभा और उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। सोसायटी के संरक्षक अब्दुल मजीद कुरैशी ने बताया कि समारोह में जिले के ऐसे प्रतिभावान विद्यार्थी भाग ले सकेंगे, जिन्होंने वर्ष 2026 की 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में 85 प्रतिशत या इससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं।

इसी प्रकार स्नातक परीक्षा में 60 प्रतिशत तथा स्नातकोत्तर परीक्षा में 55 प्रतिशत या इससे अधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थी भी सम्मान के पात्र होंगे। उन्होंने बताया कि समाज के जिन विद्यार्थियों का इस वर्ष नीट, आईआईटी एवं एनआईटी जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं में चयन हुआ है, उन्हें भी विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा पैरामेडिकल क्षेत्र में डिप्लोमा एवं डिग्री प्राप्त करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थी भी आवेदन कर सकते हैं।

सोसायटी अध्यक्ष उमर कुरैशी ने बताया कि समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं के साथ समाज के उन जनप्रतिनिधियों का भी सम्मान किया जाएगा, जो हाल ही में निर्वाचित हुए हैं। इनमें जिले के सभापति, चेयरमैन, वाइस चेयरमैन, पार्षद एवं सरपंच शामिल हैं। समारोह के माध्यम से शिक्षा, सामाजिक सेवा और जनप्रतिनिधित्व के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वालों का उत्साहवर्धन किया जाएगा।

सोसायटी सचिव बिलाल खोखर ने बताया कि सम्मान समारोह के लिए पात्र विद्यार्थी 9 नवंबर तक ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से अपने आवेदन जमा करवा सकते हैं। उन्होंने पात्र विद्यार्थियों से निर्धारित समय सीमा में आवेदन करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि समारोह में वरिष्ठ आईएएस, आईपीएस अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं शिक्षाविदों का आतिथ्य रहेगा। समारोह का उद्देश्य समाज की प्रतिभाओं को पहचान दिलाना, मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना तथा नई पीढ़ी को शिक्षा एवं सफलता के लिए प्रेरित करना है।

Advertisement