परिजनों ने उपचार में लापरवाही और अभद्र व्यवहार के लगाए आरोप; डॉक्टर ने आरोपों को बताया निराधार, पुलिस कर रही जांच


प्रहलाद सिंह | पाली
पाली जिले के सुमेरपुर शहर स्थित एक निजी अस्पताल में मरीज के उपचार को लेकर डॉक्टर और परिजनों के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच हुई कहासुनी के बाद मामला पुलिस थाने तक पहुंच गया है। परिजनों ने डॉक्टर और अस्पताल स्टाफ के खिलाफ रिपोर्ट देकर कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों ने लगाए लापरवाही और दुर्व्यवहार के आरोप
मरीज के परिजन देवाराम ने डॉक्टर अनीता राजपुरोहित और अस्पताल स्टाफ के खिलाफ पुलिस को रिपोर्ट दी है। परिजनों ने उपचार में लापरवाही, अभद्र व्यवहार और अपमानित करने के आरोप लगाए हैं तथा मामले में कार्रवाई की मांग की है।
डॉक्टर ने आरोपों को बताया निराधार
वहीं, डॉक्टर अनीता राजपुरोहित ने परिजनों की ओर से लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि परिजनों ने अस्पताल स्टाफ और उनके साथ बदतमीजी की तथा उनकी डिग्री पर सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि रात में हुए हंगामे के कारण अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में डॉक्टर परिजनों को अस्पताल से बाहर निकालने की बात कहती नजर आ रही हैं।इस संबंध में थानाधिकारी ने बताया कि मामले की रिपोर्ट प्राप्त हुई है और पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



















