Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं राजस्थान की आन-बान-शान, वीरता और संस्कृति के रंगों से सजा एसएस मोदी...

राजस्थान की आन-बान-शान, वीरता और संस्कृति के रंगों से सजा एसएस मोदी का वार्षिकोत्सव

झुंझुनूं के एसएस मोदी विद्या विहार के 26वें वार्षिकोत्सव सत्यस्पर्वा-2026 में राजस्थान की संस्कृति और वीरता पर आधारित प्रस्तुति देते विद्यार्थी

‘सत्यस्पर्वा-2026 : राजस्थान—मेरी माटी मेरा मान’ में 450 विद्यार्थियों ने दी शानदार प्रस्तुतियां, विज्ञान-एआई और लोककला प्रदर्शनी बनी आकर्षण


झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
शहर के गौरव पथ स्थित एसएस मोदी विद्या विहार का 26वां दो दिवसीय वार्षिक उत्सव ‘सत्यस्पर्वा-2026 : राजस्थान—मेरी माटी मेरा मान’ राजस्थान की गौरवशाली विरासत, शौर्य परंपरा और लोकसंस्कृति के रंगों के बीच भव्यता से संपन्न हुआ। समारोह में करीब 450 छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राजस्थान के इतिहास, वीरता, त्याग, बलिदान और सांस्कृतिक वैभव को जीवंत कर दिया।

वहीं विज्ञान, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), चित्रकला एवं शिल्प प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की रचनात्मकता और तकनीकी प्रतिभा देखने को मिली। समारोह के मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल वीके चतुर्वेदी (पीवीएसएम, एवीएसएम, एसएम), अध्यक्ष अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, नई दिल्ली तथा विशिष्ट अतिथि एयर कोमोडोर चन्द्रमौली और सीडीईओ अशोक कुमार शर्मा रहे। एसएसएमईटी ट्रस्टी शशिकांत मोदी, सौरभ मोदी, प्रियंक मोदी, कनिका मोदी, विद्यालय समन्वयक मनीष अग्रवाल, अकादमिक निदेशक रॉय सी. पॉल एवं प्राचार्य विजय मसीह ने अतिथियों का राजस्थानी साफा पहनाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर पारंपरिक तरीके से स्वागत किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि ने बैंड डिस्प्ले के साथ एनसीसी परेड की सलामी ली। विद्यार्थियों ने पीटी ड्रिल, बैंड डिस्प्ले, मार्शल आर्ट, फायर एक्ट और विभिन्न साहसिक करतबों के माध्यम से अनुशासन, शारीरिक दक्षता एवं आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया। फ्लिप, रोल और बैलेंसिंग जैसी कलाबाजियों ने दर्शकों को प्रभावित किया। इस दौरान एनसीसी का ‘ए’ प्रमाण-पत्र प्राप्त करने वाले कैडेट्स को सम्मानित किया गया। राजस्थानी मेले में पारंपरिक खान-पान, वेशभूषा, लोककला और ग्रामीण जीवनशैली की आकर्षक झलक देखने को मिली।झुंझुनूं के एसएस मोदी विद्या विहार के 26वें वार्षिकोत्सव सत्यस्पर्वा-2026 में राजस्थान की संस्कृति और वीरता पर आधारित प्रस्तुति देते विद्यार्थी

‘माटी के स्वर’ में जीवंत हुआ राजस्थान का गौरवशाली इतिहास

सांस्कृतिक कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ‘माटी के स्वर’ शीर्षक से प्रस्तुत भव्य कार्यक्रम रहा। स्कूल ऑर्केस्ट्रा के साथ विद्यार्थियों ने राजस्थान की ऐतिहासिक विरासत, आध्यात्मिक चेतना और शौर्य परंपरा को नृत्य, संगीत एवं नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से मंच पर साकार किया। ‘रंगीला राजस्थान’ में लोकगीतों और लोकनृत्यों से प्रदेश की रंगीन संस्कृति दिखाई गई, वहीं पृथ्वीराज चौहान के पराक्रम, मीरा की कृष्ण भक्ति, पन्ना धाय के अद्वितीय त्याग और हाड़ी रानी के बलिदान की गाथाओं ने दर्शकों को भावविभोर किया।

पद्मावत एवं गोरा-बादल की प्रस्तुतियों में चित्तौड़ के स्वाभिमान और वीरता का चित्रण किया गया। महाराणा प्रताप की प्रस्तुति ने स्वतंत्रता, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति समर्पण का संदेश दिया। कार्यक्रम की अंतिम प्रस्तुति ‘खेजड़ली—शहीदों को नमन’ में अमृता देवी बिश्नोई सहित 363 पर्यावरण रक्षकों के ऐतिहासिक बलिदान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रकृति एवं वृक्ष संरक्षण का संदेश दिया गया। रंग-बिरंगे परिधानों, आकर्षक मंच सज्जा, रोशनी और संगीत के बीच प्रस्तुतियों को दर्शकों की खूब सराहना मिली।

समारोह में अतिथियों एवं अभिभावकों ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार विज्ञान, एआई, चित्रकला एवं क्राफ्ट प्रदर्शनी का अवलोकन किया। एआई आधारित रडार सिस्टम, ऑटोमेटिक अटेंडेंस सिस्टम, रेन डिटेक्टर, मेडिसिन रिमाइंडर, स्ट्रेस रिलीवर रोबोट, रिमोट कंट्रोल कार, वाटर प्यूरीफायर, रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम और मानव शरीर के विभिन्न मॉडल विशेष आकर्षण रहे। विद्यार्थियों ने किसानों के लिए मौसम सूचना सॉफ्टवेयर, परीक्षा तैयारी से संबंधित वेबसाइट और अन्य डिजिटल प्रोजेक्ट भी प्रदर्शित किए। कला एवं शिल्प प्रदर्शनी में शेखावाटी भित्तिचित्र शैली, झरोखा आर्ट, लिप्पन आर्ट, मधुबनी, मांडणा, वॉश पेंटिंग, स्ट्रीट आर्ट और टेराकोटा के माध्यम से राजस्थान की लोककला एवं परंपराओं को खूबसूरती से उकेरा गया।

अतिथियों ने विद्यार्थियों से उनके प्रोजेक्ट की उपयोगिता और निर्माण प्रक्रिया की जानकारी लेकर उनकी सराहना की। प्राचार्य विजय मसीह के मार्गदर्शन में छात्रा परीनिका, कनिष्का, दक्ष, धनंजय, सिमोना और पराक्रम ने पीपीटी के माध्यम से विद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया तथा शैक्षणिक एवं सहशैक्षणिक उपलब्धियों की जानकारी दी। इस अवसर पर सीबीएसई कक्षा 12वीं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 22 विद्यार्थियों, कक्षा 10वीं के 15 विद्यार्थियों तथा अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 24 खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल वीके चतुर्वेदी ने कहा कि सांस्कृतिक आयोजन बच्चों में भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और एकता की भावना को मजबूत करते हैं। राजस्थान की वीरता, त्याग और स्वाभिमान की परंपरा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि झुंझुनूं की धरती ने देश को असंख्य वीर सैनिक दिए हैं, जिन्होंने राष्ट्र की सुरक्षा में अद्वितीय योगदान दिया है। उन्होंने विद्यार्थियों से सैनिकों के जीवन से प्रेरणा लेने, अनुशासन अपनाने और राष्ट्रसेवा के लिए आगे आने का आह्वान किया। एसएसएमईटी ट्रस्टी प्रियंक मोदी ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, नैतिक मूल्यों और अच्छे चरित्र का विकास करना है। विद्यालय की 26 वर्षों की गौरवशाली यात्रा का उल्लेख करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों और पूरे विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना की।

विशिष्ट अतिथि एयर कोमोडोर चन्द्रमौली ने कहा कि शिक्षा केवल अंकों का खेल नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण का माध्यम है। ज्ञान के साथ अच्छे संस्कार और सद्व्यवहार भी जरूरी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को असफलताओं से सीख लेकर आगे बढ़ने तथा जीवन में समझदारी और आत्मविश्वास के साथ चुनौतियों का सामना करने की प्रेरणा दी। विद्यालय समन्वयक मनीष अग्रवाल ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाली सभी टीमों, शिक्षकों, कर्मचारियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

हैड गर्ल निकिता ने धन्यवाद ज्ञापित किया। समापन पर एसएसएमईटी ट्रस्टी शशिकांत मोदी, मनीष अग्रवाल, अकादमिक निदेशक रॉय सी. पॉल एवं प्राचार्य विजय मसीह ने अतिथियों को प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में मंच संचालन अर्चना शर्मा एवं पूनम के मार्गदर्शन में विभूति हरितवाल और खुशी ने किया, जबकि ‘माटी के स्वर’ का संचालन कनिष्का मीणा एवं निकिता ने किया। समारोह में शहर के गणमान्य नागरिकों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षाविदों, चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, व्यवसायियों, विभिन्न विद्यालयों के संचालकों, प्रेस प्रतिनिधियों और अभिभावकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। समारोह का समापन शहीदों को नमन और राजस्थान की गौरवशाली विरासत के संदेश के साथ हुआ।

Advertisement