डी.वी. शास्त्री एवं पवन कुमार के सानिध्य में हुआ आयोजन, यज्ञ की आहुतियों के साथ दिया वैदिक संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश


बगड़ । झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
जाटावास, बगड़ में आर्य समाज की वैदिक परंपराओं एवं भारतीय संस्कृति के संरक्षण और आध्यात्मिक चेतना के प्रसार के उद्देश्य से वैदिक शांति यज्ञ का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और यज्ञ की पवित्र आहुतियों से वातावरण भक्तिमय हो गया। यज्ञ में उपस्थित लोगों ने विश्व शांति, सुख-समृद्धि, पर्यावरण शुद्धि एवं समस्त मानव समाज के कल्याण की कामना की। कार्यक्रम का आयोजन आर्य समाज के प्रधान एवं केंद्रीय विद्यालय के पूर्व प्राचार्य डी.वी. शास्त्री तथा आर्य समाज के मंत्री पवन कुमार के सानिध्य में हुआ। वैदिक विधि-विधान के साथ आयोजित यज्ञ में श्रद्धापूर्वक आहुतियां अर्पित की गईं।
इस अवसर पर वैदिक संस्कृति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि यज्ञ भारतीय ऋषि-मुनियों की प्राचीन वैज्ञानिक एवं आध्यात्मिक परंपरा है। यज्ञ हमारी संस्कृति, संस्कार और जीवन मूल्यों का प्रतीक है। इसके माध्यम से वातावरण की शुद्धि के साथ-साथ मानव जीवन में सद्भाव, सकारात्मकता, अनुशासन, सेवा और परोपकार की भावना को बढ़ावा मिलता है। वैदिक परंपराएं मनुष्य को प्रकृति के प्रति जिम्मेदार बनने तथा समाज में प्रेम, भाईचारे और विश्व बंधुत्व की भावना अपनाने की प्रेरणा देती हैं।
आयोजन में प्रिंस गर्वा, प्रभाशु, नव्या, मनीष, अनीता, आशीष, आरती, राजेंद्र, संतोष, प्रतीक, बादामी, नीरज, महक, मुस्कान, पलक, पंकज एवं रश्मि सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। आर्य समाज झुंझुनूं के मंत्री पवन कुमार ने वैदिक परंपराओं के प्रचार-प्रसार और भारतीय संस्कृति के संरक्षण के लिए ऐसे आयोजनों को महत्वपूर्ण बताया।
















