Advertisement
Home राजस्थान चूरू चूरू लाल घंटाघर के पास अज्ञात महिला घायल, अचेत हालत में अस्पताल...

चूरू लाल घंटाघर के पास अज्ञात महिला घायल, अचेत हालत में अस्पताल पहुंचाया

चूरू लाल घंटाघर के पास घायल हालत में मिली अज्ञात महिला

सिर और मुंह पर चोट के निशान, हालत गंभीर होने पर सिटी स्कैन सहित अन्य जांचें करवाई गईं; महिला की पहचान नहीं हो सकी

चूरू। शहर के लाल घंटाघर के पास शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब करीब 35 वर्षीय एक अज्ञात महिला घायल और अचेत अवस्था में मिली। महिला के सिर और माथे से खून बह रहा था। आसपास मौजूद लोगों ने महिला को घायल हालत में देखा तो तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और महिला को आनन-फानन में राजकीय भरतिया अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में पहुंचाया गया। इमरजेंसी में मौजूद चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ ने तत्काल उपचार शुरू किया।

सिर और मुंह पर चोट के निशान

अस्पताल में ड्यूटी डॉक्टर के अनुसार महिला के सिर और मुंह पर चोट के निशान मिले हैं और खून बह रहा था। महिला के अचेत होने के कारण फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
महिला के घायल होने की परिस्थितियां भी स्पष्ट नहीं हैं। प्रथम दृष्टया उसके साथ मारपीट या किसी अन्य घटना की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता, हालांकि घटना की वास्तविक स्थिति महिला के होश में आने और आवश्यक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

सिटी स्कैन सहित अन्य जांचें करवाईं

सिर में गंभीर चोट की आशंका को देखते हुए चिकित्सकों ने महिला की सिटी स्कैन सहित अन्य जांचें करवाई हैं। महिला की हालत को देखते हुए इमरजेंसी वार्ड में महिला रोग विशेषज्ञ को भी बुलाया गया।चिकित्सकों के अनुसार सिटी स्कैन रिपोर्ट आने के बाद चोट की गंभीरता और आगे के उपचार को लेकर निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल अज्ञात महिला को अस्पताल में भर्ती रखकर उपचार किया जा रहा है। महिला की पहचान और उसके घायल होने के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।

 

 

Advertisement