Advertisement
Home राजस्थान चूरू चूरू पंखा रोड पर टेक्नीशियन को लगा करंट, पोल से गिरकर घायल

चूरू पंखा रोड पर टेक्नीशियन को लगा करंट, पोल से गिरकर घायल

चूरू पंखा रोड पर करंट लगने से घायल बिजली टेक्नीशियन

दरगाह के पास हादसा, ठेकेदार व अन्य लोगों ने निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया; चिकित्सकों ने भर्ती कर शुरू किया उपचार

चूरू। शहर के पंखा रोड स्थित दरगाह के पास शनिवार को बिजली लाइन चेक करते समय एक 20 वर्षीय टेक्नीशियन करंट की चपेट में आ गया। करंट का तेज झटका लगने से वह बिजली के पोल से नीचे गिर गया, जिससे घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद ठेकेदार और अन्य लोगों ने उसे तत्काल निजी वाहन से राजकीय भरतिया अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में पहुंचाया।

चालू बिजली लाइन के संपर्क में आया हाथ

अस्पताल में ठेकेदार ने बताया कि वार्ड 10 निवासी 20 वर्षीय सलीम बिजली विभाग के ठेकेदार के यहां टेक्नीशियन के रूप में काम करता है। शनिवार दोपहर वह पंखा रोड स्थित दरगाह के पास बिजली के पोल पर लाइन चेक कर रहा था। इसी दौरान उसका हाथ पास से गुजर रही चालू बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। करंट का तेज झटका लगने से सलीम पोल से नीचे गिर गया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।

अस्पताल में भर्ती, हालत सामान्य

घटना के बाद ठेकेदार और अन्य लोगों ने घायल सलीम को निजी वाहन से राजकीय भरतिया अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ ने तत्काल उपचार शुरू किया और उसे अस्पताल में भर्ती कर लिया।हादसे की सूचना मिलने पर घायल के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। फिलहाल सलीम का उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।

Advertisement