कलेक्टर और एसपी को सौंपा ज्ञापन, कांग्रेस ने निर्वाचित पार्षदों को भय व दबाव से मुक्त रखने और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की
चूरू। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देश पर शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने निकाय चुनाव के बाद उत्पन्न परिस्थितियों का हवाला देते हुए प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
ज्ञापन में जिला कांग्रेस कमेटी ने आरोप लगाया कि निकाय चुनाव में निर्वाचित कांग्रेस पार्षदों पर पुलिस एवं प्रशासन के माध्यम से दबाव बनाने, डराने-धमकाने और उन्हें प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि पुलिस एवं प्रशासन को किसी राजनीतिक दल के कार्यकर्ता के तौर पर नहीं, बल्कि निष्पक्ष संवैधानिक संस्थाओं के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभानी
चाहिए।
पार्षदों को दबावमुक्त वातावरण देने की मांग
कांग्रेस ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि निर्वाचित पार्षदों को किसी भी प्रकार के अनावश्यक दबाव, भय या उत्पीड़न से मुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जाए। साथ ही कानून-व्यवस्था की निष्पक्ष निगरानी सुनिश्चित करने की मांग भी की गई।
जिला कांग्रेस कमेटी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधियों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। पार्टी की ओर से कहा गया कि यदि चुनावी प्रक्रिया अथवा जनता के जनादेश को प्रभावित करने का कोई प्रयास होता है तो कांग्रेस लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से उसका विरोध करेगी।
कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव रियाजत खान, जिला कांग्रेस कमेटी प्रवक्ता रामेश्वर प्रजापति, जिला प्रवक्ता जमील चौहान, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष शेर खान मलकान, पूर्व जिला उपप्रमुख विद्याधर मेघवाल, हेमंत सिहाग, पूर्व सरपंच जंगशेर खान, मुश्ताक पीथीसर, पालाराम सहजुसर, पूर्व पार्षद खालिद कुरैशी और विकास मील सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।













