जलदाय विभाग के खिलाफ महिलाओं सहित क्षेत्रवासियों ने की नारेबाजी, जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी
चूरू। शहर की बादशाह कॉलोनी में पिछले करीब 20 दिनों से पेयजल आपूर्ति बाधित होने के विरोध में सोमवार को क्षेत्रवासियों ने जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता कार्यालय के बाहर मटका फोड़ प्रदर्शन किया।प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी भाग लिया और विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व आसिफ खान ने किया।प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि लंबे समय से कॉलोनी में नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच पानी की समस्या ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है और लोग निजी टैंकरों पर निर्भर होने को मजबूर हैं।लोगों ने मांग की कि प्रभावित क्षेत्र में तत्काल सरकारी टैंकरों के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराया जाए तथा खराब पड़े कुओं और ट्यूबवेलों की मोटरों को शीघ्र दुरुस्त किया जाए, ताकि नियमित जलापूर्ति बहाल हो सके।प्रदर्शनकारियों का कहना था कि कई बार विभागीय अधिकारियों को समस्या से अवगत करवाया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। आक्रोशित लोगों ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय के सामने मटके फोड़कर विरोध जताया और धरना देकर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जल संकट का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।










