11 सदस्यीय समिति को सौंपी चुनाव की कमान, जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय का दायित्व संभालेंगे ताराचंद सैनी
झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने चुनाव की देखरेख एवं जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय के लिए 11 सदस्यीय प्रदेश समन्वय समिति का गठन किया है। समिति में नवलगढ़ के पूर्व प्रधान ताराचंद सैनी को शामिल करते हुए उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देश पर संगठन महासचिव ललित तूनवाल ने समिति का गठन कर चुनाव संबंधी जिम्मेदारियां तय की हैं। समिति को नगर निकाय चुनाव की तैयारियों की निगरानी, संगठन एवं जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय तथा चुनावी गतिविधियों को गति देने का दायित्व सौंपा गया है। समिति में ताराचंद सैनी के साथ प्रभारी रामसिंह कस्वां, सदस्य अयूब खान, डॉ. अर्चना सुराणा, कुलदीप पुनिया, नितिन व्यास, राजेंद्र यादव, प्रधुम्रसिंह राठौड़, पंकज दाधीच, अविकुल शर्मा एवं श्रीराम गुर्जर को जिम्मेदारी दी गई है।
शेखावाटी से ताराचंद सैनी को प्रतिनिधित्व
प्रदेश स्तर की इस महत्वपूर्ण समिति में ताराचंद सैनी को शामिल किए जाने से शेखावाटी क्षेत्र को भी प्रतिनिधित्व मिला है। नगर निकाय चुनाव के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करने में उनकी भूमिका अहम रहेगी। कांग्रेस की ओर से समिति को सौंपी गई जिम्मेदारी को आगामी निकाय चुनाव की तैयारियों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।










