दोस्ती को लेकर रंजिश का आरोप, परिजनों ने सदर थाने में रिपोर्ट देकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE

चूरू। जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित बास घंटेल गांव में एक व्यक्ति के कथित अपहरण कर उसके साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घायल को गंभीर अवस्था में राजकीय डीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं परिजनों ने सदर थाना पुलिस को रिपोर्ट सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार 40 वर्षीय गोपीचंद मेघवाल बुधवार रात एक जन्मदिन समारोह में शामिल होने जा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने उन्हें जबरन एक वाहन में बैठा लिया। परिजनों का आरोप है कि रास्ते में आरोपियों ने गोपीचंद के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उनके सिर, माथे, आंख और छाती सहित शरीर के विभिन्न हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं।परिजनों के अनुसार पूरी रात कथित रूप से उनके साथ मारपीट की गई और गुरुवार तड़के करीब चार बजे उन्हें अचेत अवस्था में गांव के चौक में छोड़कर आरोपी फरार हो गए। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल राजकीय डीबी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना अस्पताल चौकी पुलिस को भी दी गई।रिपोर्ट में परिजनों ने आरोप लगाया है कि गोपीचंद की गांव निवासी बाबूलाल से मित्रता है और दोनों का एक-दूसरे के घर आना-जाना कुछ लोगों को पसंद नहीं था। इसी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिए जाने का आरोप लगाया गया है।सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट में लगाए गए आरोपों की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











