भारी पुलिस बल की मौजूदगी में चला प्रशासन का पीला पंजा, रीछा गांव में करोड़ों की सरकारी भूमि पर बने कथित अवैध निर्माण हटाए गए, न्यायालय के आदेश पर संयुक्त कार्रवाई
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE

प्रतापगढ़। संदीप माली
जिले के अरनोद क्षेत्र के रीछा गांव में सरकारी चरनोट भूमि पर किए गए कथित अतिक्रमण को हटाने के लिए शुक्रवार को प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की। तहसीलदार अरनोद के न्यायालय द्वारा पारित आदेशों की पालना में राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।प्रशासन के अनुसार राजस्व ग्राम रीछा की आराजी संख्या 193 स्थित चरनोट भूमि पर लालसिंह पुत्र रूपसिंह राजपूत एवं जितेन्द्रसिंह पुत्र रूपसिंह राजपूत द्वारा कथित रूप से सरकारी भूमि पर पक्का मकान और बाड़ा बनाकर अतिक्रमण किया गया था। न्यायालय के आदेश के बाद प्रशासन ने बुलडोजर की सहायता से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।कार्रवाई के दौरान थाना अरनोद के अलावा पुलिस लाइन, धमोत्तर, सालमगढ़, कोटड़ी, प्रतापगढ़, हथुनिया, रठांजना तथा महिला थाना प्रतापगढ़ से अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पूरी कार्रवाई की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी और बॉडी-वॉर्न कैमरों के उपयोग की भी व्यवस्था की गई।प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। वहीं कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।













